भारत

आईपीएस नीना सिंह CISF की पहली महिला चीफ बनीं,अनीश दयाल सिंह को सीआरपीएफ प्रमुख की जिम्मेदारी

आईपीएस नीना सिंह CISF की पहली महिला चीफ बनीं,अनीश दयाल सिंह को सीआरपीएफ प्रमुख की जिम्मेदारी
  • PublishedDecember 29, 2023

आईपीएस अधिकारी नीना सिंह को सेंट्रल इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स (CISF) का महानिदेशक बनाया गया है, इसके साथ वे सीआईएसएफ की जिम्मेदारी सम्भालने वाली भारत की प्रथम महिला बन गईं हैं। राजस्थान कैडर की 1989 बैच की IPS ऑफिसर नीना सिंह राजस्थान पुलिस की पहली महिला DG भी रह चुकी हैं।

सीआईएसएफ महानिदेशक नीना सिंह के बारे में

नीना सिंह बिहार से हैं, उन्होंने पटना वीमेंस कॉलेज और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से पढ़ाई की हैं और हार्वर्ड युनिवर्सिटी से लोक प्रशासन में मास्टर की डिग्री भी हासिल की है।
वे 2021 में CISF से जुड़ी थीं,नीना सिंह CISF की स्पेशल DG की पोस्ट पर थीं। 31 जुलाई 2024 तक वे CISF की चीफ की पोस्ट पर बनी रहेंगी। नीना सिंह 2013 से 2018 के बीच CBI की जॉइंट डायरेक्टर पद पर थीं। इस दौरान उन्होंने कई हाई प्रोफाइल केस पर काम किया। उन्हें 2020 में अति उत्कृष्टता सेवा मेडल से भी सम्मानित किया गया था। नीना सिंह नोबेल विजेता अभिजीत बनर्जी और एस्थर डुफ्लो के साथ दो रिसर्च पेपर भी लिख चुकी हैं।

नीना सिंह 2000 में राजस्थान महिला आयोग के सदस्य सचिव के रूप में तैनात थीं। इस दौरान उन्होंने महिलाओं के लिए आउटरीच प्रोग्राम डिजाइन किया था। इसमें आयोग के मेंबर अलग-अलग जिलों में जाकर महिलाओं से बात कर उनकी परेशानियों को हल करने की कोशिश करते थे। नीना सिंह ने 2005-2006 में मैसाचुसेट्स इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के लिए पुलिस स्टेशनों को पब्लिक के लिए सहज बनाने के प्रोजेक्ट पर काम किया था।

आईपीएस अधिकारी अनीश दयाल सिंह बने सीआरपीएफ प्रमुख

आईपीएस अधिकारी अनीश दयाल सिंह को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) का महानिदेशक नियुक्त किया गया है। अनीश दयाल सिंह, जो अभी तक आईटीबीपी के महानिदेशक का पद संभाल रहे थे, वे 31 दिसंबर, 2024 तक सीआरपीएफ के प्रमुख होंगे। जबकि आईपीएस अधिकारी राहुल रसगोत्रा भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के महानिदेशक के रूप जिम्मेदारी सम्भालेंगे। रसगोत्रा 30 सितंबर 2025 तक आईटीबीपी के प्रमुख के पद पर रहेंगे। वहीं केंद्र सरकार ने 1989-बैच के आईपीएस अधिकारी विवेक श्रीवास्तव को अग्निशमन सेवा, नागरिक सुरक्षा के लिए महनिदेशक के रूप में भी नियुक्त किया है। वे 30 जून, 2025 तक इस पद पर बने रहेंगे।