दिल्ली में ‘गैस आफत’: बुकिंग के 15 दिन बाद भी नहीं मिल रहा सिलेंडर

नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में एलपीजी (LPG) सिलेंडर की किल्लत ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। आलम यह है कि समय पर बुकिंग कराने के बावजूद उपभोक्ताओं को 10 से 15 दिनों तक डिलीवरी का इंतजार करना पड़ रहा है। गैस एजेंसियों के बाहर सुबह से ही लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है, लेकिन समाधान कहीं नजर नहीं आ रहा।
नजफगढ़, उत्तम नगर, लक्ष्मी नगर, शाहदरा और कालकाजी जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्रों में हालात बदतर हैं। उपभोक्ताओं का आरोप है कि बुकिंग के समय जो तारीख दी जाती है, उस दिन सिलेंडर नहीं पहुंचता। कई बार डिलीवरी बॉय फोन करके आने का वादा करते हैं, लेकिन हफ्तों तक दर्शन नहीं देते। इससे लोगों का भरोसा सिस्टम से पूरी तरह उठ चुका है।
एजेंसियों का ‘सब ठीक है’ वाला दावा
दूसरी ओर, आरके पुरम और राजघाट समेत कई एजेंसियों के संचालकों का कहना है कि सप्लाई में कोई कमी नहीं है। उनके मुताबिक, देरी की वजह ट्रांसपोर्टेशन या तकनीकी खामी हो सकती है। हालांकि, जमीनी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। लोगों का मानना है कि सप्लाई ठीक होने के बावजूद मैनेजमेंट और ट्रैकिंग सिस्टम फेल हो चुका है।
धंधा चौपट, चूल्हे हुए ठंडे
इस संकट की सबसे बड़ी मार छोटे व्यापारियों और रेहड़ी-पटरी वालों पर पड़ी है। करोल बाग, पहाड़गंज और द्वारका जैसे इलाकों में होटलों और रेस्तरां की सप्लाई आधी रह गई है। कई ढाबे और छोटे होटल बंद होने की कगार पर हैं, वहीं घरों में भी चूल्हे ठंडे पड़ने लगे हैं। लोग अब सरकार से डिलीवरी सिस्टम को तुरंत दुरुस्त करने की मांग कर रहे हैं।
