भारत

श्रीलंका ने दी फ्री टूरिस्ट वीजा की मंजूरी, भारत सहित 6 अन्य देश शामिल

श्रीलंका ने दी फ्री टूरिस्ट वीजा की मंजूरी, भारत सहित 6 अन्य देश शामिल
  • PublishedOctober 25, 2023

श्रीलंका ने पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर कई देशों को मुफ्त वीजा जारी करने का फैसला लिया है। इन देशों में भारत को भी शामिल किया गया है। श्रीलंका के विदेश मंत्री साबरी ने एक बयान में कहा कि इसे 31 मार्च, 2024 तक प्रायोगिक परियोजना के रूप में लागू किया जा रहा है। श्रीलंका ने भारत सहित चीन, रूस, मलेशिया, जापान, इंडोनेशिया और थाईलैंड के यात्रियों के लिए तत्काल प्रभाव से मुफ्त वीजा को लागू कर दिया है।

31 मार्च तक फ्री टूरिस्ट वीजा

श्रीलंकाई कैबिनेट ने कर्ज में फंसे द्वीप राष्ट्र में पर्यटन क्षेत्र के पुनर्निर्माण के प्रयासों के बीच भारत और छह अन्य देशों के यात्रियों को मुफ्त टूरिस्ट वीजा नीति को मंजूरी दी है। श्रीलंका के विदेश मामलों के मंत्री अली साबरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर यह जानकारी दी।

इन वजहों से फ्री वीजा को मिली मंजूरी

श्रीलंका ने फिलहाल अभी सात देशों के टूरिस्टों को बिना किसी शुल्क के वीजा प्राप्त करने की सुविधा प्रदान की है। दरअसल इसके पीछे एक बड़ी वजह साल 2019 में ईस्टर के दिन हुए बम विस्फोटों के बाद श्रीलंका में टूरिस्टों के आगमन में आई कमी को माना जा रहा है। इन विस्फोटों में 11 भारतीयों सहित 270 लोग मारे गए और 500 से अधिक घायल हुए थे।

वहीं दूसरी ओर कोरोना महामारी और बाद में देश में आई आर्थिक तंगी के चलते टूरिस्टों की आवाजाही काफी कम हो गई। ऐसे में श्रीलंका की अर्थव्यवस्था को गति देने के लिए इस कदम को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

फ्री वीजा के बारे में

वीजा फ्री यात्रा में बिना वीजा लिए ही किसी देश की यात्रा की जा सकती है। यह तब लागू होता है जब दोनों देशों के बीच इस संबंध में समझौता हो या फिर जिस देश में आप जा रहे हैं, उसने एकतरफा रूप से विदेशी नागरिकों के लिए अपनी सीमाएं खोल दी हो।