भारत

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु बिहार की तीन दिवसीय यात्रा पर, कृषि रोड मैप: 2023-2028 की करेंगी शुरुआत

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु बिहार की तीन दिवसीय यात्रा पर, कृषि रोड मैप: 2023-2028 की करेंगी शुरुआत
  • PublishedOctober 18, 2023

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज बिहार की तीन दिन की यात्रा पर जा रही हैं। इस दौरान वे पटना में बिहार के चौथे ‘कृषि रोड मैपः 2023-2028’ की शुरुआत करेंगी। साथ ही तीन संस्‍थानों के दीक्षांत समारोह में भी शामिल होंगी।

आज बिहार कृषि रोड मैप की करेंगी शुरुआत

राष्‍ट्रपति आज दोपहर पटना में एक कार्यक्रम में बिहार कृषि रोड मैप की शुरुआत करेंगी। इस रोड मैप के फायदे की बात करें तो यह राज्य में अगले पांच वर्षों के लिए बनाई गई कृषि के विकास की कार्य-योजना से संबंधित है। बताना चाहेंगे इस कार्य-योजना में कृषि और ग्‍यारह अन्य संबंधित विभागों को शामिल किया गया है।

कृषि रोडमैप में 1800 से अधिक किसान और जीविका-दीदी

कृषि रोडमैप कार्यक्रम में 1800 से अधिक किसान और जीविका-दीदी स्वयं सहायता समूह के 700 सदस्य हिस्सा लेंगे। बाद में राष्ट्रपति पटना शहर में गुरु गोविंद सिंह के जन्‍म स्थल तख्त श्री हरमिंदर साहिब जाकर अरदास करेंगीं।

महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय के पहले दीक्षांत समारोह में कल होंगी शामिल

मालूम हो कि राष्ट्रपति कल गुरुवार को मोतिहारी में महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय के पहले दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। इसके बाद अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान, पटना के पहले दीक्षांत समारोह को भी संबोधित करेंगी। राष्ट्रपति मुर्मु दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय के तीसरे दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए गया भी जाएंगी।