भारत

केंद्र सरकार दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों, विशेष रूप से समाज के हाशिए वर्ग के लोगों के कल्याण के प्रति संवेदनशील

केंद्र सरकार दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों, विशेष रूप से समाज के हाशिए वर्ग के लोगों के कल्याण के प्रति संवेदनशील
  • PublishedNovember 12, 2022

केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्य मंत्री सुश्री प्रतिमा भौमिक ने आज निगम की आधुनिकीकरण परियोजना के अंतर्गत चल रहे कार्यों के प्रदर्शन और प्रगति की समीक्षा करने के लिए एलिम्को का दौरा किया।

एलिम्को मुख्यालय, कानपुर के अपने पहले दौरे में केंद्रीय मंत्री ने निगम के विभिन्न विभागों का संज्ञान लिया, जहां पर एलिम्को के महाप्रबंधक (परियोजनाएं एवं वाणिज्यिक), श्री प्रवीण कुमार ने केंद्रीय मंत्री को एलिम्को के विभिन्न विभागों के कार्यों और आधुनिकीकरण परियोजना के अंतर्गत चल रहे सामान्य और मशीनरी कार्यों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की। एलिम्को के वरिष्ठ अधिकारियों ने मंत्री के सामने निगम के संपूर्ण कामकाज और प्रगति का प्रदर्शन करने वाली एक प्रस्तुति प्रदान की। एक विशेष सत्र का भी आयोजन किया गया, जहां सुश्री भौमिक ने आईआईटी कानपुर के छात्रों से बातचीत की, जिन्होंने दिव्यांगजनों के लिए तकनीकी रूप से उन्नत भविष्य के सहायक उपकरणों के विकास पर अपने अभिनव विचारों को मंत्री से साझा किया।

इस अवसर पर अपने संबोधन में, मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों, विशेष रूप से समाज के हाशिए वर्ग के लोगों के कल्याण के प्रति बेहद संवेदनशील है। प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए, उन्होंने अधिकारियों को आगे बढ़ने का रास्ता दिखाया और दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को सर्वोत्तम सेवाएं प्रदान करने के लिए आवश्यक निर्देश भी जारी किया। उन्होंने देश के दिव्यांगजनों का संपुर्ण सशक्तिकरण करने के लिए अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता और मानकों के अनुरूप सहायता और सहायक उपकरणों के निर्माण की आवश्यकता पर बल दिया। सुश्री भौमिक अपने दौरे में हियरिंग एड असेंबली सुविधा, हाई एंड प्रोस्थेसिस शॉप, निगम की आधुनिकीकरण योजना के अंतर्गत नवनिर्मित कार्य स्टेशनों सहित विभिन्न खंडों का दौरा किया और कारखाना परिसर में पौधारोपण किया।

अपनी यात्रा के दौरान, केंद्रीय मंत्री ने कारखाना परिसर में स्थित एलिम्को के ऑर्थोटिक्स और प्रोस्थेटिक सेंटर में सहायता और सहायक उपकरणों का भी वितरण किया और भारत सरकार की एडीआईपी और ‘राष्ट्रीय वयोश्री योजना’ योजनाओं के अंतर्गत एलिम्को द्वारा प्रदान की जा रही सेवाओं का लाभ उठा रहे दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिक से बातचीत की। सुश्री प्रतिमा भौमिक ने दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए निगम द्वारा प्रदान की जा रही सेवाओं के लिए एलिम्को की सराहना की।

पुराने संयंत्रों और मशीनरी, प्रक्रियाओं, प्रौद्योगिकियों और सामान्य अवसंरचना का उन्नयन और प्रतिस्थापन के माध्यम से एलिम्को के आधुनिकीकरण की प्रक्रिया 2015 में शुरू हुई थी और अब यह पूरी होने वाली है। इस परियोजना के लिए अनुमोदित अनुमानित लागत 338.40 करोड़ रुपये है, जिसमें 200 करोड़ रुपये केंद्र सरकार द्वारा सहायता अनुदान के रूप में वित्तपोषित किया गया हैं और शेष 138.04 करोड़ रुपये की राशि एलिम्को अपने आंतरिक संसाधनों द्वारा वहन कर रहा है।

इस अवसर पर महाप्रबंधक (वित्त एवं प्रशासन) श्री अतुल रुस्तगी, मार्केटिंग महाप्रबंधक (प्रभारी), श्री अजय चौधरी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित हुए।