Close
प्रमुख खबरें

वित्त मंत्री सीतारमण फ्रांस की चार दिवसीय यात्रा पर रवाना, उच्चस्तरीय द्विपक्षीय बैठकों में होंगी शामिल

वित्त मंत्री सीतारमण फ्रांस की चार दिवसीय यात्रा पर रवाना, उच्चस्तरीय द्विपक्षीय बैठकों में होंगी शामिल
  • PublishedJuly 1, 2026

केन्‍द्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट कार्य मंत्री निर्मला सीतारमण आज बुधवार को फ्रांस की आधिकारिक यात्रा पर रवाना हुईं। अपनी इस यात्रा के दौरान वह कई उच्चस्तरीय द्विपक्षीय बैठकों में भाग लेंगी, जिनका उद्देश्य भारत–फ्रांस रणनीतिक साझेदारी को और अधिक मजबूत बनाना, आर्थिक सहयोग को बढ़ावा देना तथा निवेश, प्रौद्योगिकी सहयोग और नवाचार को प्रोत्साहित करना है।

यात्रा के दौरान एक प्रमुख कार्यक्रम भारत–फ्रांस आर्थिक एवं वित्तीय डॉयलॉग– (ईएफडी) होगा, जिसकी सह-अध्यक्षता सीतारमण और फ्रांस के आर्थिक, वित्त तथा औद्योगिक एवं ऊर्जा मंत्रीरोलां लेस्क्यूर ऐक्स-आँ-प्रोवांस में करेंगे। इस दौरान दोनों देश विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग की नई संभावनाओं पर विचार-विमर्श करेंगे तथा भारत और फ्रांस के बीच आर्थिक संबंधों को और मजबूत बनाने के उपायों पर चर्चा करेंगे।

इस दौरान, केन्‍द्रीय वित्त मंत्री चयनित वैश्विक कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों के साथ बैठकें भी करेंगी। इसके अलावा, वह प्रमुख उद्योगपतियों के साथ गोलमेज चर्चा में भाग लेंगी, जिसमें भारत की मजबूत व्यापक आर्थिक स्थिति, वर्तमान संरचनात्मक सुधारों, बढ़ते निवेश अवसरों तथा दीर्घकालिक आर्थिक विकास की संभावनाओं को प्रस्तुत किया जाएगा।

सीतारमण “नए मध्यम वर्ग के विकास को कैसे प्रोत्साहित किया जाए” विषय पर ले रोंकोंत्र एकोनोमिक द’ऐक्स-आँ-प्रोवांस में आयोजित एक पैनल चर्चा में भी भाग लेंगी।

केन्‍द्रीय वित्त मंत्री कादाराशे स्थित अंतरराष्ट्रीय ताप-नाभिकीय प्रायोगिक रिएक्टर– आईटीईआर परियोजना का भी दौरा करेंगी। आईटीईआर न्यूक्लियर फ्यूज़न ऊर्जा के क्षेत्र में दुनिया की सबसे बड़ी अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक सहयोग परियोजनाओं में से एक है, जिसमें भारत और फ्रांस सहित 30 से अधिक साझेदार देश शामिल हैं।

केंद्रीय मंत्री प्रोवेंस-आल्प्स-कोट द’अज़ूर (पीएसीए) क्षेत्र के अध्यक्ष रेनो मुसेलिये से भी मुलाकात करेंगी। इस दौरान निवेश, नवाचार, स्वच्छ ऊर्जा, प्रौद्योगिकी तथा क्षेत्रीय आर्थिक साझेदारी जैसे साझा हितों के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के अवसरों पर चर्चा की जाएगी।

अपनी आधिकारिक यात्रा के समापन पर केन्‍द्रीय वित्त मंत्री फ्रांस में भारतीय प्रवासी समुदाय के सदस्यों के साथ आयोजित एक सामुदायिक कार्यक्रम में भी भाग लेंगी।