भारत

15 से 18 मार्च तक पूरे प्रदेश में बदलेगा मौसम का मिजाज, बारिश और बर्फबारी के आसार

15 से 18 मार्च तक पूरे प्रदेश में बदलेगा मौसम का मिजाज, बारिश और बर्फबारी के आसार
  • PublishedMarch 13, 2026

शिमला/कुल्लू, 13 मार्च 2026 :-हिमाचल प्रदेश में खराब मौसम के येलो अलर्ट के बीच वीरवार को अटल टनल रोहतांग, केलांग, पांगी में बर्फबारी और भुंतर में ओलावृष्टि हुई। मनाली और कांगड़ा के कई क्षेत्रों में बारिश हुई। राजधानी शिमला सहित कई जिलों में बादल छाए रहने के साथ धूप खिली।

इससे अधिकतम तापमान में दो डिग्री की कम दर्ज हुई। प्रदेश के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों के मौसम में अब दोबारा से सुबह व शाम के समय हल्की ठंडक हो गई है। उधर, 15 से 18 मार्च तक पूरे प्रदेश में मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है। इस दौरान अधिकांश स्थानों पर बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। 14 मार्च की रात से प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने का पूर्वानुमान है।

कुल्लू से लेकर लाहौल तक वीरवार को मौसम ने करवट ली। रोहतांग दर्रा में करीब 10 सेंटीमीटर बर्फबारी हुई। लाहौल में अटल टनल रोहतांग के साथ पूरी घाटी में बर्फबारी हुई। पर्यटकों ने अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल से लेकर सिस्सू तक खूब मस्ती की। केलांग, कोकसर, कुंजम दर्रा, शिंकुला और बारालाचा में भी बर्फबारी हुई है।

पांगी की ऊंची चोटियों सुराल भटोरी, साछू, परमार, कुमार, पुंटों, और हुड़ान भुटोरी में 12.7 सेंटीमीटर तक बर्फबारी हुई। मनाली में सुबह बारिश हुई। कुल्लू और भुंतर में भी पूर्वाह्न करीब 11 बजे बारिश हुई। भुंतर में ओले भी गिरे।

कांगड़ा जिले में वीरवार सुबह हल्की बारिश हुई। हालांकि, हल्की बारिश से फसलों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पाएगा। वीरवार सुबह प्रदेश के कई क्षेत्रों में बादल छाए रहने से लोगों को बारिश की उम्मीद जगी लेकिन दोपहर होते-होते बादल छंट गए। वीरवार को जिला किन्नौर के ऊपरी क्षेत्रों सहित हांगो और नाको में बर्फबारी हुई। मार्च में हुई यह बर्फबारी फसलों के लिए लाभदायक मानी जा रही है।

मैदानी जिलों में आज व कल लू का येलो अलर्ट

प्रदेश के मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, सोलन और सिरमौर के कई क्षेत्रों में शुक्रवार और शनिवार को लू चलने का येलो अलर्ट जारी हुआ है। ऊना में वीरवार को अधिकतम तापमान 32.6, बरठीं 29.8, नाहन 29.7, सोलन 29.5 हमीरपुर 29.2, कांगड़ा 28.0 धर्मशाला 27.0, मंडी 25.8 शिमला 23.5, मनाली 12.6 िडग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।