Harjot Bains ने विधानसभा में कांग्रेस-BJP को घेरा! बोले – ‘CM की बीमारी पर भी…’

चंडीगढ़, 26 सितंबर, 2025 : पंजाब विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस (Harjot Singh Bains) ने बाढ़ के मुद्दे पर विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस और भाजपा, दोनों को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जब पंजाब मुश्किल में था, तो किसी ने भी राज्य की मदद नहीं की। बैंस ने कांग्रेस पर मुख्यमंत्री भगवंत मान की बीमारी पर राजनीति करने का आरोप लगाया और भाजपा पर आपदा के समय पंजाब से मुंह मोड़ने का इल्जाम लगाया।
कुछ बेगानों ने, कुछ अपनों ने लूटा’
भावुक होते हुए हरजोत बैंस ने कहा कि पंजाब ने हमेशा से ही चोटें सही हैं। उन्होंने कहा, “पंजाब को हमेशा ‘कुछ बेगानों ने, कुछ अपनों ने’ लूटा है। चाहे वह 1947 का बंटवारा हो, 1984 के दंगे हों या अब बाढ़ की यह भयानक आपदा।” उन्होंने कहा कि पंजाब की खुशहाली उसकी फसलों से जुड़ी है, जो इस बाढ़ में पूरी तरह तबाह हो चुकी हैं, लेकिन केंद्र सरकार ने पंजाब की कोई सुध नहीं ली।
विपक्ष पर साधा निशाना
बैंस ने विपक्ष पर हमला करते हुए कहा:
1. कांग्रेस पर आरोप: “यह सत्र लोगों की मदद के लिए बुलाया गया था, लेकिन कांग्रेस ने सिर्फ सियासत की। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान की बीमारी तक पर राजनीति करने से गुरेज नहीं किया, जो बेहद शर्मनाक है।”
2. भाजपा पर हमला: “आपदा के इस मुश्किल समय में भाजपा ने पंजाब की बांह नहीं पकड़ी। मुख्यमंत्री भगवंत मान पिछले 10 दिनों से प्रधानमंत्री से मुलाकात का समय मांग रहे हैं, लेकिन उन्हें अभी तक समय नहीं दिया गया है।”
बैंस ने स्पष्ट किया कि ‘आप’ सरकार पंजाब के लोगों के साथ खड़ी है और हर संभव मदद के लिए प्रतिबद्ध है, जबकि विपक्षी दल सिर्फ अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकने में लगे हैं।
