ऑपरेशन सिंदूर को लेकर सुनील शेट्टी ने बॉलीवुड का किया सपोर्ट, बोले- ‘इंडस्ट्री के लोगों ने बहुत कुछ कहा है

‘नई दिल्ली. बॉलीवुड एक्टर सुनील शेट्टी इन दिनों अपनी नई फिल्म ‘केसरी वीर’ को लेकर चर्चा में हैं. इसमें उन्होंने आदित्य पंचोली के बेटे सूरज पंचोली के साथ काम किया है. इस बीच सुनील शेट्टी जयपुर पहुंचे, जहां पर उन्होंने अपनी फिल्म ‘केसरी’ पर बात की और साथ ही देशभक्ति, राजपूत वीरता और ऑपरेशन सिंदूर जैसे मुद्दों पर भी अपनी राय रखी है. उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर पर बॉलीवुड के लोगों ने खुलकर कहा और सपोर्ट किया है.
सुनील शेट्टी से पूछा गया कि बॉलीवुड ने ऑपरेशन सिंदूर पर क्यों नहीं बोला, तो उन्होंने कहा कि बॉलीवुड ने ऑपरेशन सिंदूर पर बहुत कुछ कहा है. सुनील शेट्टी कहते हैं, ‘बॉलीवुड ने बहुत कुछ बोला है. आप लोग बार-बार कहते हैं कि बॉलीवुड ने कुछ नहीं बोला, ये गलत है. जिनको बोलना है, वो बोले. सबको हम नहीं बोल सकते ना. हम हमारी बात कर सकते हैं, दुनिया की बात नहीं कर सकते हैं.’
देश हित में सभी सितारे खड़े हैं
उन्होंने आगे कहा, ‘बाय यह है कि देश के हित में सभी खड़े हैं और अपनी-अपनी तरफ से वह अपना जो प्यार है और अपनी जो फीलिंग है, उसे दोहराते हैं, दिखाते हैं दुनिया को. सबका अपना-अपना तरीका है. सबको मौका देना चाहिए ना कि सब पर झपटना चाहिए.’
