भारत

देश में मॉनसून की बारिश का कैसा है हाल, जानें कहां है अलर्ट, कहां मिलेगी गर्मी से राहत

देश में मॉनसून की बारिश का कैसा है हाल, जानें कहां है अलर्ट, कहां मिलेगी गर्मी से राहत
  • PublishedSeptember 10, 2024

देश के कई राज्यों में बारिश की रफ्तार धीमी पड़ी है लेकिन मौसम विभाग ने पूर्वी मध्य प्रदेश में बहुत तेज वर्षा की आशंका व्यक्त की है। मौसम विभाग ने यह भी कहा है कि पश्चिमी मध्य प्रदेश, विदर्भ, ओडिशा और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी आज तेज वर्षा होगी।

इन राज्यों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने इस बीच झारखण्ड, पश्चिम बंगाल के गांगेय और हिमालयी क्षेत्रों, बिहार और पूर्वोत्तर भारत में अगले चार दिनों तक भारी वर्षा की संभावना व्यक्त की गई है। ये स्थिति पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तराखण्‍ड, हरियाणा, कोंकण, गोवा और गुजरात में कल तक बनी रहेगी। दक्षिण भारत में केरल, माहे, दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश और तटीय कर्नाटक में भी आज वर्षा होने के आसार है। वहीं दिल्‍ली एनसीआर सहित पश्चिमी और मध्य भारत के कई भागों में इस सप्ताह हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।

12 सितंबर के बाद गर्मी और उमस से मिलेगी राहत
अगर अलग-अलग राज्यों की बात करें तो, भीषण गर्मी झेल रहे बिहार के लाेगाें काे राहत मिलने की उम्मीद है। आईएमडी ने मंगलवार को राज्य के 24 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग का कहना है कि आखिरी पड़ाव पर आकर मानसून बिहार में एक्टिव हो गया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 13 सितंबर से बारिश का दौर फिर से शुरू होने की संभावना है। विभाग के अनुसार मानसून टर्फ राजस्थान, उत्तर प्रदेश होते हुए बंगाल की खाड़ी की तरफ जा रही है, जिससे बिहार के दक्षिणी इलाकों में बारिश की संभावना है। 12 सितंबर के बाद लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिल सकती है। 13 सितंबर को दक्षिण और उत्तर बिहार के कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है। बता दें कि राज्य में पिछले कुछ दिनों से मानसून कमजोर पड़ गया है, जिसके कारण बारिश का दौर थम गया है।

हिमाचल प्रदेश में भारी वर्षा का ऑरेंज अलर्ट
उधर हिमाचल प्रदेश में राज्य के विभिन्न हिस्सों में बीती रात से रूक-रूक कर वर्षा हो रही है। कुछ स्थानों पर भारी बरसात भी हुई है। बादलों के बरसने से कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ है, जिससे एक नेशनल हाईवे और छह दर्जन से अधिक सड़कें बंद पड़ गई हैं। राजधानी शिमला के उपनगर संजौली के पास पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा गिरने से संजौली-ढली बाईपास सड़क कुछ समय तक बाधित रही। शिमला में पिछले कुछ दिनों से सुबह के समय धूप खिल रही है, लेकिन दोपहर के समय मौसम के मिजाज बिगड़ने से जमकर बारिश हो रही है। इससे यहां भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है।

मौसम विभाग ने ताजा पूर्वानुमान जारी करते हुए नौ जिलों कांगड़ा, मंडी, कुल्लू, ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, सोलन, सिरमौर और शिमला में आज भारी वर्षा का आरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले दो दिन यानी 11 व 12 सितंबर को मैदानी व मध्यपवर्ती क्षेत्रों में बिजली कड़कने के साथ वर्षा का येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने 13 से 16 सितंबर तक किसी तरह का अलर्ट व चेतावनी नहीं दी है, लेकिन इस अवधि में मौसम के खराब बने रहने का अनुमान है।

मध्य प्रदेश में अगले 2 दिन पूरे प्रदेश में भारी बारिश की संभावना
मध्‍यप्रदेश को एक बार फिर मानसून भारी बारिश से तरबदर करने वाला है। बारिश का सबसे स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव हो गया है। अगले 2 दिन पूरे प्रदेश में भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने अगले कुछ घंटों में पांढुर्णा और मंडला में आकाशीय बिजली चमकने के साथ अति भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, डिंडोरी, अनूपपुर के अमरकंटक में भारी बारिश की संभावना है। जबकि भोपाल, विदिशा में मध्यम बारिश होगी।
मौसम विभाग के अनुसार, ओडिशा के पास डिप्रेशन पश्चिम-उत्तर बंगाल की खाड़ी में एक्टिव है। अगले 24 घंटे में यह स्ट्रॉन्ग होगा। मानसून ट्रफ मध्यप्रदेश के बीच से गुजर रही है। इसके चलते प्रदेश में कहीं अति भारी और कहीं भारी बारिश हो सकती है।’

24 घंटों के दौरान मौसम में बदलाव की संभावना
पश्चिम बंगाल के कई जिलों में अगले 24 घंटों के दौरान मौसम में बदलाव की संभावना है। कोलकाता में मंगलवार को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ-साथ बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, कोलकाता में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।
कोलकाता का अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है, जो सामान्य से 0.1 डिग्री अधिक है, जबकि न्यूनतम तापमान 27.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.9 डिग्री ज्यादा है। कोलकाता में अधिकतम आर्द्रता 94 फीसदी और न्यूनतम आर्द्रता 64 फीसदी रही। पिछले 24 घंटों के दौरान सुबह 6:30 बजे तक कोलकाता में 16.1 मिमी बारिश दर्ज की गई है। वहीं, सुबह 8:30 बजे से लेकर अब तक 10.5 मिमी बारिश दर्ज की गई है।

वहीं तेलंगाना में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में नुकसान के आकलन के लिए केंद्र की छह सदस्य टीम कल खम्मम और महबूबाबाद का दौरा करेगी।