भारत

Monsoon Update: देश के कई राज्यों में तेज बारिश का रेड अलर्ट, अधिकांश हिस्सों में पहुंचा मानसून

Monsoon Update: देश के कई राज्यों में तेज बारिश का रेड अलर्ट, अधिकांश हिस्सों में पहुंचा मानसून
  • PublishedJuly 2, 2024

देश के लगभग सभी हिस्सों में मानसून ने दस्तक दे दी है। ऐसे में कई राज्यों में भारी बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने उत्तराखंड, असम और मेघालय में बहुत तेज वर्षा का रेड अलर्ट जारी किया है। हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश, राजस्‍थान और बिहार सहित उत्तर भारत के विभिन्‍न हिस्‍सों में तीन से चार दिन तक बहुत तेज वर्षा होने की संभावना व्यक्त की गई है। ऐसी ही स्थिति गुजरात और देश के पश्चिमी हिस्सों में भी रहने के आसार हैं।

देश में वर्षा सामान्य से अधिक होने की संभावना
अगले दो से तीन दिनों के दौरान राजस्थान, हरियाणा और पंजाब में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियाँ अनुकूल हैं। मौसम विभाग के अनुसार, जुलाई महीने के दौरान पूरे देश में वर्षा सामान्य से अधिक होने की संभावना है। देश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक वर्षा होने की संभावना है। जलवायु पूर्वानुमान प्रणाली के अनुसार मॉनसून द्वितीय भाग के दौरान ला नीना की स्थिति विकसित होने की संभावना है। इस बीच आज सुबह राष्‍ट्रीय राजधानी दिल्‍ली में हल्की बारिश हुई है। शहर में दिन में तेज बारिश के साथ बादल छाए रहने की संभावना है।

चार-पांच दिनों में रे भारत को मानसून करेगा कवर
सोमवार को मौसम विभाग की वैज्ञानिक सोमा सेन ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून आज उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा के अधिक हिस्सों में आगे बढ़ गया है। अभी यह उत्तर पश्चिम राजस्थान, दक्षिण पंजाब और दक्षिण पश्चिम हरियाणा को छोड़कर देश के अधिकांश हिस्सों को कवर कर चुका है। आने चार-पांच दिनों में यह पूरे भारत को कवर कर लेगा। उन्होंने बताया कि अगले तीन दिनों के दौरान पूरे उत्तर भारत में बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली में भी बारिश होने की संभावना जताई गई है।