नेपाल के लिए राहत सामग्री लेकर रवाना होगा वायुसेना का तीसरा विमान

नेपाल में बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए भारतीय वायुसेना का एक और सी-130जे विमान शुक्रवार शाम राहत सामग्री लेकर रवाना होने जा रहा है। यह नेपाल भेजा जाने वाला वायुसेना का तीसरा राहत विमान होगा। वायुसेना नेपाल में जारी राहत और बचाव अभियान में लगातार सहयोग दे रही है। इससे पहले 26 अगस्त को एक सी-130जे विमान 10 टन राहत सामग्री लेकर हिंडन से नेपाल गया था। इसके बाद 27 अगस्त को सी-17 ग्लोबमास्टर विमान 37.5 टन राहत सामग्री लेकर नेपाल पहुंचा। अब तीसरे विमान के जरिए भी प्रभावित क्षेत्रों के लिए जरूरी सामान भेजा जा रहा है।
दवाइयां, खाद्य सामग्री और चिकित्सा सामान शामिल
भारतीय वायुसेना ने बताया कि इन विमानों के जरिए भेजी जा रही सामग्री में जरूरी दवाइयां, खाद्य सामग्री और चिकित्सा सामान शामिल हैं। बाढ़ प्रभावित लोगों की तत्काल जरूरतों को पूरा करने के उद्देश्य से यह राहत सामग्री भेजी जा रही है। सी-17 और सी-130जे जैसे परिवहन विमानों के अलावा हेलीकॉप्टर भी तैयार रखे गए हैं, जिनका इस्तेमाल बचाव अभियान और लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने में किया जाएगा।
पड़ोसी देश के साथ खड़े होने का संदेश
नेपाल में अचानक आई विनाशकारी बाढ़ ने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई है। ऐसे में भारत ने हवाई राहत अभियान तेज कर दिया है। जमीन से लेकर आसमान तक तेजी और सटीकता के साथ राहत सामग्री पहुंचाने का काम जारी है। भारतीय वायुसेना का यह अभियान पड़ोसी देश के साथ संकट की घड़ी में खड़े होने की भावना को मजबूत करता है। जरूरत के समय नेपाल तक जरूरी मदद पहुंचाना इस पूरे अभियान का मुख्य उद्देश्य है।
