हीटवेव को लेकर केंद्र अलर्ट, राज्यों को सतर्क रहने की सलाह

देश के कई हिस्सों में इस साल गर्मी अपने तेवर और भी कड़े दिखा सकती है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने संभावित हीटवेव को देखते हुए राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
स्वास्थ्य सचिव का राज्यों को पत्र
केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों को पत्र लिखकर आने वाले महीनों में बढ़ती गर्मी और हीटवेव को लेकर जरूरी तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
आईएमडी का पूर्वानुमान
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के वर्ष 2026 के अप्रैल से जून तक के अद्यतन मौसमी पूर्वानुमान के अनुसार, इस अवधि में देश के कई हिस्सों में सामान्य से अधिक लू चलने की संभावना है।
किन क्षेत्रों में ज्यादा असर
पूर्वानुमान के मुताबिक, पूर्वी, मध्य और उत्तर-पश्चिम भारत के कई क्षेत्रों के साथ-साथ दक्षिण-पूर्वी प्रायद्वीप में हीटवेव के दिनों में वृद्धि हो सकती है। खासतौर पर ओडिशा, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में इसका ज्यादा असर देखने को मिल सकता है।
अन्य राज्यों में भी अलर्ट
इसके अलावा, गुजरात, महाराष्ट्र और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में भी अलग-थलग स्थानों पर लू की स्थिति बनने की आशंका जताई गई है।
हीट एक्शन प्लान पर जोर
स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्यों को सलाह दी है कि वे समय रहते हीट एक्शन प्लान को प्रभावी बनाएं, अस्पतालों में जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करें और आम लोगों को गर्मी से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक करें।
