मनोरंजन

Dharmendra के निधन के बाद Hema Malini ने शेयर किया पहला पोस्ट, लिखा, ‘धरम जी…’

Dharmendra के निधन के बाद Hema Malini ने शेयर किया पहला पोस्ट, लिखा, ‘धरम जी…’
  • PublishedNovember 27, 2025

मुंबई, 27 नवंबर, 2025 : बॉलीवुड के सुपरस्टार धर्मेंद्र (Dharmendra) के निधन के 3 दिन बाद, उनकी पत्नी और दिग्गज अभिनेत्री हेमा मालिनी (Hema Malini) ने पहली बार अपनी चुप्पी तोड़ी है। दुख की इस घड़ी में उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने ‘धरम जी’ को याद करते हुए एक बेहद भावुक नोट शेयर किया है। हेमा ने अपने पति के साथ बिताए अनमोल पलों की कुछ अनदेखी तस्वीरें भी साझा की हैं और बताया है कि उनके जाने से उनकी जिंदगी में जो खालीपन आया है, वह कभी नहीं भरेगा।
वो मेरे लिए सब कुछ थे”

हेमा मालिनी ने अपने नोट में दिल का दर्द बयां करते हुए लिखा, “धरम जी… वो मेरे लिए बहुत कुछ थे। प्यारे पति, हमारी दो बेटियों ईशा (Esha) और अहाना (Ahaana) के प्यारे पिता, दोस्त, फिलॉसफर, गाइड और कवि। जरूरत के हर समय मेरे साथ रहने वाले, असल में वो मेरे लिए सब कुछ थे! उन्होंने हमेशा मेरे अच्छे और बुरे समय में मेरा साथ दिया। अपने दोस्ताना व्यवहार की वजह से वे बड़ी आसानी से मेरे परिवार के करीब आ गए और सभी के साथ प्यार और दिलचस्पी दिखाई।”

“उनका टैलेंट और विनम्रता उन्हें सबसे अलग बनाती थी”

धर्मेंद्र की लोकप्रियता का जिक्र करते हुए हेमा ने लिखा, “एक पब्लिक पर्सनैलिटी के तौर पर, उनका टैलेंट, उनकी पॉपुलैरिटी के बावजूद उनकी विनम्रता और उनकी यूनिवर्सल अपील ने उन्हें सभी लेजेंड्स में सबसे अलग एक यूनिक आइकॉन (Unique Icon) बना दिया। उनकी शोहरत और कामयाबियां फिल्म इंडस्ट्री में ताउम्र रहेंगी।”

“अब सिर्फ यादें बची हैं”

अपने निजी नुकसान पर बात करते हुए अभिनेत्री ने लिखा, “मेरा जो निजी नुकसान हुआ है, उसे शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता। उनके जाने से जो खालीपन पैदा हुआ है, वो कुछ ऐसा है जो मेरी पूरी जिंदगी मेरे साथ रहने वाला है। कई सालों तक साथ रहने के बाद अब मेरे पास उन खास पलों को फिर से जीने के लिए बस ढेर सारी यादें बची हैं।”

35 फिल्मों में साथ किया था काम

गौरतलब है कि हेमा मालिनी और धर्मेंद्र की जोड़ी रील और रियल लाइफ दोनों में सुपरहिट रही। दोनों ने साथ में करीब 35 फिल्मों में काम किया और दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। अब ‘हीमैन’ के चले जाने से हेमा का परिवार और पूरी फिल्म इंडस्ट्री अधूरी महसूस कर रही है।