सलमान खान से पहले इन सितारों ने भी संभाली है बिग बॉस की कमान, घरवालों पर चलाया हुकुम, तीसरे नाम पर न होगा यकीन

Bigg Boss Voting: बिग बॉस 2006 से शुरू होकर अब तक 19 सीजन पूरे कर चुका है. सलमान खान की होस्टिंग ने शो को नई पहचान दी है और वे लगातार 15 साल से इसका चेहरा बने हुए हैं. लेकिन सलमान खान से पहले बॉलीवुड के कई सितारे इस रियालिटी शो को होस्ट कर चुके हैं. हालांकि कोई भी एक सीजन से ज्यादा टिक नहीं पाया.
नई दिल्ली. टीवी की दुनिया का सबसे चर्चित और मनोरंजक रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ आज हर घर का नाम बन चुका है. ड्रामा, इमोशन, एंटरटेनमेंट और कंट्रोवर्सी से भरे इस शो ने सालों से दर्शकों का दिल जीत रखा है. बिग बॉस का पहला सीजन 2006 में शुरू हुआ था, और तब से लेकर अब तक इसके 19 सीजन टेलीकास्ट हो चुके हैं. हर साल बिग बॉस को पहले सीजन की तरह ही टीआरपी मिल रही है और शायद इसी लोकप्रियता के चलते इसे 19 सीजन टेलीकास्ट हो रहे हैं.
शो की शुरुआत में हर सीजन का होस्ट बदलता था. पहले सीजन को अरशद वारसी ने होस्ट किया था, जिनकी कॉमिक टाइमिंग को दर्शकों ने खूब पसंद किया. दूसरे सीजन की जिम्मेदारी शिल्पा शेट्टी को दी गई, जिन्होंने खुद भी बिग ब्रदर शो जीता था, इसलिए उनके पास रियालिटी टीवी का अच्छा अनुभव था. तीसरे सीजन में शो के होस्ट बने अमिताभ बच्चन, जिनकी मौजूदगी ने शो में एक अलग क्लास और ग्रेस जोड़ दी.
सलमान खान सीजन 4 से बिग बॉस होस्ट कर रहे हैं
शुरुआत में बिग बॉस सोनी टीवी पर प्रसारित होता था, लेकिन चौथे सीजन से शो कलर्स टीवी पर शिफ्ट हो गया. इसी सीजन से शो में एक ऐसा चेहरा जुड़ा जिसने बिग बॉस की पहचान ही बदल दी और वो चेहरा भाईजान सलमान खान का था. साल 2010 में सलमान ने चौथे सीजन से होस्टिंग की कमान संभाली, और तब से लेकर आज तक वह इस शो का सबसे बड़ा चेहरा बने हुए हैं.
