मनोरंजन

Live Show में छलका Diljit Dosanjh का दर्द, बोले- ‘सरदार कभी गद्दार नहीं हो सकते’

Live Show में छलका Diljit Dosanjh का दर्द, बोले- ‘सरदार कभी गद्दार नहीं हो सकते’
  • PublishedSeptember 25, 2025

कुआलालंपुर, 25 सितंबर, 2025 : पंजाबी सुपरस्टार दिलजीत दोसांझ ने आखिरकार अपनी फिल्म ‘सरदार जी 3’ (Sardaar Ji 3) को लेकर हुए विवाद पर पहली बार खुलकर बात की है। मलेशिया में अपने ‘ओरा टूर’ के दौरान एक कॉन्सर्ट में उन्होंने मंच से न केवल अपनी देशभक्ति पर उठ रहे सवालों का जवाब दिया, बल्कि भारत-पाकिस्तान के बीच हुए हालिया क्रिकेट मैच को लेकर भी तंज कसा। दिलजीत ने साफ किया कि पंजाबी और सरदार कभी अपने देश के खिलाफ नहीं जा सकते।
यह विवाद तब शुरू हुआ जब उनकी फिल्म में पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर (Hania Aamir) को कास्ट करने की बात सामने आई। पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव के माहौल में इस फिल्म का चौतरफा विरोध हुआ, जिसके बाद इसे भारत में रिलीज न करने का फैसला लिया गया।

क्या कहा दिलजीत दोसांझ ने?

मलेशिया में हजारों प्रशंसकों के सामने दिलजीत ने भावुक होते हुए कहा, “ओ मेरे देश दा झंडा है, हम सब INDIA हैं।”

1. फिल्म की टाइमिंग पर सफाई: उन्होंने कहा, “जब मेरी फिल्म ‘सरदार जी’ बनी, वह फरवरी में शूट हुई थी, जब सभी (क्रिकेट) मैच खेल रहे थे। लेकिन जो दुखद घटना पहलगाम में हुई, हमने उसकी निंदा की, तब भी अरदास की और आज भी करते हैं कि दोषियों को सख्त से सख्त सजा मिले। हम अपने देश के साथ हैं।”

2. मैच और फिल्म में फर्क: दिलजीत ने आगे कहा, “लेकिन जो ये अब मैच हुए हैं, इसका और मेरी फिल्म का फर्क बहुत है। हमारी फिल्म पहले शूट हुई थी, मैच बाद में। नेशनल मीडिया ने पूरा जोर लगा दिया दिलजीत दोसांझ को देश के खिलाफ दिखाने के लिए। लेकिन, पंजाबी और सरदार कभी देश के खिलाफ नहीं जा सकते।”

क्या था पूरा ‘सरदार जी 3’ विवाद?

1. पाकिस्तानी एक्ट्रेस का विरोध: पहलगाम आतंकी हमले के बाद जब यह पता चला कि फिल्म में दिलजीत के साथ पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर हैं, तो सोशल मीडिया पर इसका विरोध शुरू हो गया।

2. FWICE ने दी बैन की धमकी: फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने इम्प्लॉइज (FWICE) ने इस पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा था कि अगर यह फिल्म रिलीज होती है तो वे दिलजीत दोसांझ और उनकी प्रोडक्शन कंपनी पर भारत में प्रतिबंध लगा देंगे।

3. भारत में रिलीज नहीं हुई फिल्म: बढ़ते विवाद को देखते हुए मेकर्स ने फिल्म को भारत में रिलीज नहीं करने का फैसला किया और इसे केवल विदेशी बाजारों में ही रिलीज किया गया, जहां इसने अच्छा प्रदर्शन किया।