Udaipur Files Live Update: ‘उदयपुर फाइल्स’ की रिलीज को मिलेगी हरी झंडी? सुप्रीम कोर्ट में आज होगा फैसला

नई दिल्ली. विजय राज की फिल्म फिल्म ‘उदयपुर फाइल्स’ को लेकर लगातार विवाद जारी है. थिएटर्स में फिल्म की रिलीज पर रोक लगी हुई है. इस मामले में कल यानी गुरुवार को भी सुप्रीम कोर्ट में फैसला नहीं हो पाया था. मगर आज यानी शुक्रवार को साफ हो जाएगा कि ‘उदयपुर फाइल्स’ सिनेमाघरों में रिलीज होगी या नहीं.
दिल्ली उच्च न्यायालय ने 10 जुलाई को ‘उदयपुर फाइल्स’ की रिलीज पर रोक लगा दी थी. याचिका में कहा गया है कि फिल्म समाज में वैमनस्यता को बढ़ावा दे सकती है, इसलिए इसकी रिलीज पर रोक लगाई जानी चाहिए. तब से लेकर अब तक फिल्म की रिलीज को लेकर फैसला नहीं हो पाया.
किस घटना पर बनी है ‘उदयपुर फाइल्स’
‘उदयपुर फाइल्स’ फिल्म की कहानी सच्ची घटना पर आधारित है. टेलर कन्हैया लाल साहू की दुकान पर 28 जून, 2022 को 2 हमलावर ग्राहक बनकर पहुंचे थे. दोनों ने टेलर का सिर धड़ से अलग कर दिया था. हमलावरों ने पूरी घटना को कैमरे में रिकॉर्ड भी कर लिया और वीडियो फुटेज ऑनलाइन अपलोड कर दिया. इस घटना ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था.
