कैटरीना कैफ बनीं मालदीव टूरिज्म की ग्लोबल ब्रांड एंबेसडर, बायकॉट मालदीव के एलान को पलट पाएंगी एक्ट्रेस?

Maldives Unveils Katrina Kaif as Global Brand Ambassador: मालदीव के 3 युवा मंत्रियों की, भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर नकारात्मक टिप्पणी के बाद भारत-मालदीव संबंधों में पिछले साल खटास साफ नजर आई. सोशल मीडिया पर तो बायकॉट मालदीव और ‘लक्षदीप चलो’ के नारे लगने लगे. लेकिन इसी बीच अब एक नई खबर सामने आई है. मालदीव मार्केटिंग एंड पब्लिक रिलेशंस कॉरपोरेशन (MMPRC/Visit Maldives) ने बॉलीवुड एक्ट्रेस और एंटरप्रेन्योर कैटरीना कैफ को ‘सनी साइड ऑफ लाइफ’ के लिए अपना नया ग्लोबल ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया है. यह पार्टनरशिप Visit Maldives की स्पेशल समर सेल कैंपेन के तहत की गई है. इसके जरिए मालदीव दुनिया भर के पर्यटकों को मालदीव की और खींचना चाहता है. मालदीप सरकार का ये फैसला पीएम मोदी की मालदीप यात्रा से ठीक पहले आया है.
कैटरीना कैफ बनीं मालदीव की नई पहचान
कैटरीना कैफ न केवल बॉलीवुड की एक सफल अभिनेत्री हैं, बल्कि एक अंतरराष्ट्रीय पहचान प्राप्त करने वाली एंटरप्रेन्योर भी हैं. वे फोर्ब्स ‘आइकॉन ऑफ एक्सीलेंस’ सम्मान प्राप्त कर चुकी हैं और फिल्म, फैशन व व्यवसाय जगत में एक प्रभावशाली चेहरा मानी जाती हैं. ग्लोबल ब्रांड एंबेसडर बनने पर कैटरीना ने कहा, “मालदीव लग्जरी और प्राकृतिक सुंदरता का अद्भुत संगम है. यह एक ऐसा स्थान जहां सुकून और भव्यता एक साथ मिलते हैं. ‘सनी साइड ऑफ लाइफ’ का चेहरा बनना मेरे लिए सम्मान की बात है. इस सहयोग के माध्यम से मैं दुनिया भर के लोगों को मालदीव की विशिष्टता और बेजोड़ यात्रा अनुभवों से परिचित कराने के लिए उत्साहित हूं.” आपको बता दें कि कैटरीना और विक्की कौशल अपने हनीमून से लेकर ईयरली ट्रिप तक, कई बार मालदीप में नजर आ चुके हैं.
