भारत

संसद का मानसून सत्र 21 जुलाई से 12 अगस्त तक चलेगा, केंद्रीय मंत्री रिजिजू ने दी जानकारी

संसद का मानसून सत्र 21 जुलाई से 12 अगस्त तक चलेगा, केंद्रीय मंत्री रिजिजू ने दी जानकारी
  • PublishedJune 4, 2025

संसद के मानसून सत्र की तारीखों का ऐलान कर दिया गया है। संसद का मानसून सत्र 21 जुलाई से शुरू होगा, जो कि 12 अगस्त तक चलेगा। इसकी जानकारी संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बुधवार को दी। यानी कि 23 दिन तक संसद के मानसून सत्र में इस बार कई अहम बिलों और मुद्दों पर चर्चा होगी।

संसद के मानसून सत्र पर केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने मीडिया से कहा, “हमने संसद का मानसून सत्र 21 जुलाई को बुलाने का फैसला किया है और यह 12 अगस्त तक चलेगा। संसदीय मामलों की कैबिनेट समिति ने तारीख तय कर ली है और हम दोनों सदनों को बुलाने के लिए राष्ट्रपति को प्रस्ताव भेजेंगे।”

वहीं, न्यायमूर्ति यशवंत वर्मा के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव पर उन्होंने कहा, ” इलाहाबाद हाई कोर्ट के न्यायाधीश यशवंत वर्मा के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव के संबंध में मैंने राजनीतिक दलों के साथ चर्चा शुरू कर दी है। अधिकांश प्रमुख राजनीतिक दलों को पहले ही बता दिया गया है और हमने एक सहयोगात्मक प्रयास की मांग की है, जहां सभी राजनीतिक दल एक साथ आएं और संयुक्त रूप से प्रस्ताव पेश करें।”

इससे पहले संसद का बजट सत्र दो हिस्सों में आयोजित किया गया था। पहला सत्र 31 जनवरी को शुरू हुआ था और 13 फरवरी तक चला। वहीं संसद के बजट सत्र का दूसरा भाग 10 मार्च को शुरू हुआ था और 4 अप्रैल को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हो गया था।