यमुना नदी पर क्रूज पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए केंद्र और दिल्ली सरकार के बीच समझौता

दिल्ली की यमुना नदी पर आने वाले दिनों में फेरी सेवा का लुत्फ उठाते हुए दिल्ली के लोग नजर आएंगे। फेरी सेवा के लिए दिल्ली सरकार ने केंद्र के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता किया है। आधिकारिक बयान के अनुसार, भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (आईडब्ल्यूएआई) ने सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग, दिल्ली विकास प्राधिकरण, दिल्ली जल बोर्ड, दिल्ली परिवहन निगम सहित दिल्ली सरकार की कई एजेंसियों के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। इस समझौते का उद्देश्य सोनिया विहार और जगतपुर के बीच यमुना नदी (राष्ट्रीय जलमार्ग 110) के चार किलोमीटर जलमार्ग पर क्रूज पर्यटन को विकसित करना और बढ़ावा देना है।
केंद्रीय जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा
इस अवसर पर केंद्रीय जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में, भारत के जलमार्गों में दशकों की उपेक्षा के बाद एक परिवर्तनकारी पुनरुद्धार हुआ है। सतत और आधुनिक अंतर्देशीय जल परिवहन के लिए उनका दूरदर्शी प्रयास वास्तव में अद्भुत है – क्षमता को प्रगति में बदलना। यमुना पर पर्यावरण-अनुकूल क्रूज पर्यटन की शुरुआत इस यात्रा की एक और उपलब्धि है, जो स्वच्छ, हरित और अधिक कुशल जलमार्गों का मार्ग प्रशस्त करती है। यह क्रूज पर्यटन दिल्ली के केंद्र में परिवहन संपर्क और पर्यटन दोनों को बढ़ावा देगा। वर्षों से, दिल्ली के लोग यमुना पर गंदगी और उपेक्षा को देखकर दुखी थे, लेकिन यह पहल लंबे समय से प्रतीक्षित सुधार की शुरुआत है।
लोग यमुना की सुंदरता का अनुभव करेंगे
उन्होंने कहा कि इन क्रूज़ के लॉन्च होने से, दिल्लीवासियों के साथ-साथ राजधानी में आने वाले पर्यटकों को एक बार फिर अपनी नदी से प्यार हो जाएगा और वे इसकी सुंदरता का अनुभव ऐसे रूप में करेंगे, जिसकी उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की होगी।
हाइब्रिड नाव को नदी क्रूज़ जहाजों के रूप में तैनात किया जाएगा
आपको बता दें, इस पहल का उद्देश्य दिल्ली में यमुना के सोनिया विहार-जगतपुर खंड को पर्यावरण के अनुकूल क्रूज़ संचालन के केंद्र में बदलना है। सतत और प्रदूषण रहित जल परिवहन सुनिश्चित करने के लिए, बिजली-सौर हाइब्रिड नाव -जिनमें से प्रत्येक 20-30 यात्रियों को ले जाने में सक्षम है । इसको नदी क्रूज़ जहाजों के रूप में तैनात किया जाएगा। गौरतलब हो, इन नावों में बायो-टॉयलेट, सार्वजनिक घोषणा प्रणाली और यात्रियों की सुरक्षा के लिए लाइफ़ जैकेट की सुविधा होगी।
इसके अतिरिक्त, आईडब्ल्यूएआई सुचारू नौका संचालन की सुविधा के लिए दो एचडीपीई जेटी स्थापित करेगा। यह परियोजना वजीराबाद बैराज के ऊपर राष्ट्रीय जलमार्ग 110 (एनडब्ल्यू-110) पर छोटी दूरी की नौवहन और मनोरंजक गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ-साथ हरित और सतत पर्यटन को प्रोत्साहन देगी।
दिल्ली के पर्यटन परिदृश्य को मिलेगा नया रूप
अंतर्देशीय जल परिवहन को मजबूत करने के अलावा, इस पहल से यमुना के किनारे पर्यावरण-अनुकूल यात्रा अनुभव प्रदान करके दिल्ली के पर्यटन परिदृश्य को नया रूप देने की उम्मीद है।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा
वहीं, केंद्र और दिल्ली सरकार के बीच एमओयू साइन होने पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि अब यमुना नदी पर फेरी सेवा और क्रूज पर्यटन से दिल्लीवालों को एक नया और अनूठा अनुभव मिलेगा। आधुनिक सुविधाओं से लैस ये सेवा न केवल पर्यटन को बढ़ावा देगी, बल्कि दिल्ली को वैश्विक मानचित्र पर एक प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित करने में मदद करेगी।
दिल्ली में गंगा जी की तर्ज पर दिव्य और भव्य यमुना आरती का आयोजन होगा
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि “सुंदर और विकसित दिल्ली” के संकल्प को साकार करते हुए, हमारी सरकार राजधानी को विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे, हरित परिवहन और नई संभावनाओं से जोड़ रही है। डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में दिल्ली विकास और पर्यटन में नए-नए कीर्तिमान स्थापित करेगी! हमारी सरकार यमुना जी को स्वच्छ और निर्मल बनाने के अपने संकल्प पर अडिग है। वह दिन दूर नहीं, जब दिल्ली में गंगा जी की तर्ज पर दिव्य और भव्य यमुना आरती का आयोजन होगा, जहां हजारों लोग हमारी महान सनातन संस्कृति से न केवल जुड़ेंगे, बल्कि उसे आत्मसात भी कर सकेंगे।
दरअसल, सरकार की इस पहल से जल परिवहन को बढ़ावा मिलेगा, दिल्ली के आर्थिक और पर्यावरणीय विकास को गति मिलेगी, साथ ही हरित परिवहन के विकास और यमुना किनारे रहने वाले लोगों की आजीविका में सुधार होगा।