भारत

हरियाणा विधानसभा बजट सत्र 2025 आज से शुरू, 17 मार्च को पेश होगा पहला बजट

हरियाणा विधानसभा बजट सत्र 2025 आज से शुरू, 17 मार्च को पेश होगा पहला बजट
  • PublishedMarch 7, 2025

चंडीगढ़, 07 मार्च। हरियाणा विधानसभा का बजट सत्र 2025 आज से शुरू हो गया है। यह बजट सत्र 7 मार्च से 28 मार्च तक चलेगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी अपने तीसरे कार्यकाल में पहली बार वित्त मंत्री के रूप में 17 मार्च को बजट पेश करेंगे। इस सत्र के दौरान सरकार अपनी उपलब्धियों को गिनाएगी, वहीं विपक्ष बेरोजगारी, कानून-व्यवस्था और अन्य मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी में है।

बजट सत्र की रूपरेखा तय
चंडीगढ़ में हुई बिजनेस एडवाइजरी कमेटी (BAC) की बैठक में बजट सत्र की तारीख तय की गई। संसदीय कार्य मंत्री महिपाल ढांडा ने कहा कि सभी विधायकों को बोलने का पूरा अवसर मिलेगा, और जरूरत पड़ने पर सत्र की अवधि भी बढ़ाई जा सकती है।

कांग्रेस का हमला, महिपाल ढांडा का जवाब
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने मांग की कि यदि जरूरी हो तो सत्र की अवधि बढ़ाई जाए। कांग्रेस नेता अशोक अरोड़ा ने कहा कि पार्टी कानून-व्यवस्था, बेसहारा पशुओं की समस्या, स्कूलों की खराब स्थिति और अध्यापकों की कमी जैसे मुद्दों को सदन में उठाएगी। इस पर महिपाल ढांडा ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस को सिर्फ घोटाले नजर आते हैं, विकास कार्यों को वह देख ही नहीं सकती।

नए विधानसभा भवन पर चर्चा
सर्वदलीय बैठक में हरियाणा विधानसभा के नए परिसर को लेकर भी चर्चा हुई। कांग्रेस, इनेलो और निर्दलीय विधायकों ने नई विधानसभा के लिए चयनित स्थान पर आपत्ति जताई। सीएम सैनी को अधिकृत किया गया कि वे इस मुद्दे पर चंडीगढ़ प्रशासन से चर्चा करें।

कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने कहा कि विधानसभा भवन के लिए जमीन तय की जा चुकी है, अब लागत पर चर्चा होनी है। उन्होंने कहा कि वर्तमान भवन में 120 विधायकों के बैठने की व्यवस्था संभव नहीं होगी, इसलिए नई विधानसभा बनाना आवश्यक है।

इनेलो का सरकार पर वार
इनेलो विधायक अर्जुन चौटाला ने कहा कि हरियाणा में बेरोजगारी और नशे की समस्या लगातार बनी हुई है। उन्होंने सरकार की नौकरियों के दावे पर सवाल उठाते हुए कहा कि नई नौकरियां देने के बजाय सरकार सिर्फ सेवानिवृत्त कर्मचारियों की जगह पर नियुक्तियां कर रही है, जिससे बेरोजगारी की समस्या जस की तस बनी हुई है।

कांग्रेस में नेता प्रतिपक्ष को लेकर संशय
हरियाणा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष का पद अभी भी खाली है। कांग्रेस के भीतर इस मुद्दे पर मतभेद बने हुए हैं। कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने इस पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस में अंदरूनी झगड़ा चल रहा है, विधायक भूपेंद्र हुड्डा को नेता बनाना चाहते हैं, लेकिन हाईकमान इसके पक्ष में नहीं है।

बजट सत्र के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिल सकती है। अब सभी की नजरें 17 मार्च को पेश होने वाले बजट पर टिकी हैं।