भारत

प्रधानमंत्री ने आंध्र प्रदेश की फैक्ट्री में हुई दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया, अनुग्रह राशि का किया ऐलान

प्रधानमंत्री ने आंध्र प्रदेश की फैक्ट्री में हुई दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया, अनुग्रह राशि का किया ऐलान
  • PublishedAugust 22, 2024

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को आंध्र प्रदेश के अनकापल्‍ली की एक फैक्ट्री दुर्घटना में लोगों के मारे जाने के प्रति शोक व्यक्त किया है। उन्होंने हादसे में घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। प्रधानमंत्री ने प्रत्येक मृतक के निकट संबंधी को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपये तथा घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की भी घोषणा की।

प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक्स पर पोस्ट में कहा कि, “अनकापल्ली में एक फैक्ट्री में हुए हादसे में लोगों की मृत्‍यु से आहत हूं। अपने प्रियजनों को खोने वालों के प्रति संवेदना। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रत्येक मृतक के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।”

उल्लेखनीय है कि आंध्र प्रदेश के अचुतापुरम में बुधवार को एक फार्मा कंपनी के कारखाने में आग लग जाने की घटना में 17 लोगों की मौत हो गई और 33 अन्य घायल हो गए थे।

अनकापल्ली की जिलाधिकारी विजया कृष्णन ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि दुर्घटना दोपहर करीब सवा दो बजे एसेंटिया एडवांस्ड साइंसेस प्राइवेट लिमिटेड के संयंत्र में हुई। कृष्णन ने बताया कि फैक्टरी में 381 कर्मचारी काम करते हैं। यहां काम दो पालियों में होता है। विस्फोट दोपहर के वक्त भोजनावकाश के समय हुआ। इसलिए कर्मचारियों की उपस्थिति कम थी।