भारत

ईपीएफओ ने जनवरी में नेट 16.02 लाख सदस्य जोड़े, 8.08 लाख नए सदस्यों ने किया नामांकन

ईपीएफओ ने जनवरी में नेट 16.02 लाख सदस्य जोड़े, 8.08 लाख नए सदस्यों ने किया नामांकन
  • PublishedMarch 25, 2024

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) ने जनवरी में नेट (शुद्ध रूप से) 16.02 लाख सदस्य जोड़े हैं। इस दौरान करीब 8.08 लाख नए सदस्यों ने ईपीएफओ के साथ नामांकन कराया। सेवानिवृत्ति कोष का प्रबंधन करने वाले निकाय ईपीएफओ ने यह जानकारी दी है।

श्रम एवं रोजगार मंत्रालय ने रविवार को जारी बयान में बताया कि ईपीएफओ के अनंतिम पेरोल आंकड़ों के मुताबिक जनवरी में शुद्ध रूप से 16.02 लाख सदस्य जोड़े गए हैं। वहीं, जनवरी, 2024 में पहली बार करीब 8.08 लाख नए सदस्यों ने नामांकन कराया है। आंकड़ों के मुताबिक इनमें 18 से 25 आयु वर्ग के ज्यादातर सदस्य हैं। इनकी संख्या जनवरी 2024 में जोड़े गए कुल नए सदस्यों का 56.41 फीसदी है।

पेरोल आंकड़ों के मुताबिक लगभग 12.17 लाख सदस्य ईपीएफओ की योजनाओं से बाहर निकल गए थे, वो फिर से शामिल हो गए हैं। इन सदस्यों ने अपनी नौकरी बदल ली और ईपीएफओ के दायरे में आने वाले प्रतिष्ठानों में फिर शामिल हो गए। मंत्रालय के मुताबिक इन्होंने अपने कोष को स्थानांतरित करने का विकल्प चुना। आंकड़ों के मुताबिक 8.08 लाख नए सदस्यों में करीब 2.05 लाख महिला सदस्य हैं। इसके साथ इस दौरान जोड़े गए शुद्ध महिला सदस्यों की संख्या लगभग 3.03 लाख रही। ईपीएफओ के आंकड़ों से पता चलता है कि संगठित कार्यबल में शामिल होने वाले अधिकांश व्यक्ति युवा हैं।
(इनपुट- हिन्दुस्थान समाचार)