भारत

अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय और इसके नियंत्रणाधीन संगठनों में विशेष अभियान 2.0 चलाया गया

अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय और इसके नियंत्रणाधीन संगठनों में विशेष अभियान 2.0 चलाया गया
  • PublishedNovember 1, 2022

भारत सरकार ने स्वच्छता और सरकार में लंबित मामलों को कम करने के लिए 2 अक्टूबर, 2022 से 31 अक्टूबर, 2022 तक विशेष अभियान 2.0 चलाया। विशेष अभियान 2.0 सांसदों, राज्‍य सरकार से प्राप्‍त संदर्भों, अंतर-मंत्रालयी संदर्भों, संसदीय आश्वासनों, पीएमओ संदर्भ, लोक शिकायत, मौजूदा नियमों और प्रक्रियाओं की समीक्षा और समग्र स्वच्छता, अंतरिक्ष प्रबंधन, रिकॉर्ड प्रबंधन, कबाड़ निपटान, स्वच्छता अभियान स्थलों की पहचान और सरकारी कार्यालयों में कार्यस्थल के अनुभव को बढ़ाने पर विशेष रूप से केन्द्रित था।

अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय में विशेष अभियान 2.0

अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय और इसके नियंत्रणाधीन संगठनों में 2 से 31 अक्टूबर, 2022 तक विशेष अभियान 2.0 चलाया गया। अभियान के प्रमुख क्षेत्रों में विभिन्‍न संदर्भों, जन शिकायतों, संसदीय आश्‍वासनों का प्रभावी निपटारा, स्वच्छता अभियान स्‍थलों की पहचान, स्‍वच्‍छता अभियान, कबाड़ का निस्तारण आदि शामिल था।

अभियान के प्रारंभिक चरण (14 से 30 सितम्‍बर 2022) का उपयोग अधिकारियों को संवेदनशील बनाने, अभियान के लिए जमीनी कार्यकर्ताओं को जुटाने, लंबित कार्यों की पहचान करने, अभियान स्‍थलों को अंतिम रूप देने, स्क्रैप और अनावश्यक सामग्री आदि की पहचान करने के लिए किया गया था।

अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय में सचिव ने नियमित रूप से प्रगति की समीक्षा की और सभी संबंधित अधिकारियों को लंबित वीआईपी संदर्भों, प्रधानमंत्री कार्यालय के संदर्भों, राज्य सरकार के संदर्भों, अंतर-मंत्रालयी संदर्भों, संसदीय आश्वासनों आदि को निपटाने के निर्देश दिए। लंबित संदर्भों के निपटान की उपलब्धि की स्थिति को प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग के एससीडीपीएम पोर्टल पर नियमित रूप से अपडेट किया गया।

अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय में विशेष अभियान 2.0 को पूरे जोश और उत्‍साह के साथ लागू किया गया है। इस कार्य अवधि के दौरान किए गए कार्यों की झलक नीचे दी गई है।

विशेष अभियान के दौरान स्वच्छता अभियान के लिए विभिन्न स्थलों की पहचान की गई। स्वच्छता अभियान के पहले और बाद की तस्वीरें नीचे संलग्न हैं:

अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय में सचिव ने स्वच्छता के लिए विशेष अभियान और लंबित मामलों के निपटान में अधिकारियों को प्रोत्साहित करने और प्रेरित करने के लिए मंत्रालय के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ सीजीओ कॉम्प्लेक्स, आर.के. पुरम नई दिल्ली और एचसीओआई, मुंबई (जो अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के तहत एक वैधानिक निकाय है) में विभिन्न परिसरों में मंत्रालय का दौरा किया।

विशेष अभियान 2.0 में मंत्रालयों/विभागों और उनके संबद्ध/अधीनस्थ कार्यालयों के अलावा क्षेत्र/बाहरी अधिकारियों पर विशेष ध्यान देना शामिल था। तदनुसार स्‍वच्‍छता पहलों को अल्‍पसंख्‍यक कार्य मंत्रालय से संबद्ध संगठनों में लगातार हाथ में लिया गया।

विशेष अभियान 2.0 के कार्यान्वयन के लिए मंत्रालय और इससे जुड़े संगठनों द्वारा किए गए प्रयासों पर अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय के ट्विटर हैंडल और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से सोशल मीडिया मैसेजिंग की गई है। पीआईबी के माध्यम से प्रेस विज्ञप्तियां की गई हैं।