कैनबरा। ऑस्ट्रेलिया के 120 वर्ष के इतिहास में इस साल वसंत ऋतु में सबसे कम बारिश दर्ज की गई है। इस लिहाज से इसे सबसे सूखा मौसम करार दिया गया है।ऑस्ट्रेलिया में इस साल को पांचवें सबसे गर्म वर्ष के तौर पर भी दर्ज किया गया है। मध्य नवंबर में पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया में तापमान रिकॉर्ड 47.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। मौसम ब्यूरो ने सोमवार को बताया कि वसंत के दौरान ऑस्ट्रेलिया के ज्यादातर हिस्सों में औसत से काफी कम बारिश हुई है।कम बरसात का लोगों और पर्यावरण पर उल्लेखनीय असर देखने को मिल रहा है। गरमी और शुष्क मौसम के कारण कई इलाकों में खेती प्रभावित हुई है और लोगों को पेयजल की किल्लत से जूझना पड़ रहा है। सिडनी में पेयजल आपूर्ति 50 फीसद तक कम कर दी गई है। गर्म मौसम के कारण जंगलों में आग लगने की घटनाएं भी बढ़ गई हैं।