खेल

CWG 2026: राष्ट्रपति ने लवप्रीत-सीमा को दी बधाई, कहा- ‘आपकी कामयाबी पर हर भारतीय को गर्व’

CWG 2026: राष्ट्रपति ने लवप्रीत-सीमा को दी बधाई, कहा- ‘आपकी कामयाबी पर हर भारतीय को गर्व’
  • PublishedJuly 31, 2026

ग्लासगो में चल रहे कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के आठवें दिन भारत की झोली में दो मेडल आए। वेटलिफ्टिंग में लवप्रीत सिंह ने सिल्वर और डिस्कस थ्रो में सीमा कालीरमन ने ब्रॉन्ज मेडल जीतकर देश का मान बढ़ाया। इस उपलब्धि पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने दोनों एथलीटों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी कामयाबी पर हर भारतीय को गर्व है।

राष्ट्रपति मुर्मु ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर लिखा, “ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में पुरुषों के 110+ किग्रा वेटलिफ्टिंग इवेंट में सिल्वर मेडल जीतने पर लवप्रीत सिंह को बहुत-बहुत बधाई। आपका शानदार प्रदर्शन आपके पक्के इरादे, जबरदस्त ताकत और लगातार बेहतरी की कोशिश को दिखाता है। आपकी इस कामयाबी पर हर भारतीय को बहुत गर्व और खुशी है।मैं चाहती हूं कि आने वाले वर्षों में आप और भी बहुत कुछ हासिल करें।”

वहीं सीमा कालीरमन को बधाई देते हुए राष्ट्रपति ने कहा, “ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में महिलाओं के डिस्कस थ्रो इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर सीमा कालीरमना को बहुत-बहुत बधाई। आपकी कामयाबी आपकी लगन और कड़ी मेहनत का सबूत है। आपकी कामयाबी युवा महिलाओं को स्पोर्ट्स में बेहतरीन प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगी। आप देश का नाम रोशन करती रहें।”

अन्य नेताओं की बधाई

– रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लवप्रीत सिंह की ताकत और मेहनत की तारीफ की तथा सीमा के साहस और हिम्मत की सराहना की। उन्होंने लवप्रीत के लिए अपने ‘एक्स’ पर लिखा, “कॉमनवेल्थ गेम्स में वेटलिफ्टिंग में भारत के लिए एक और मेडल। पुरुषों के 110 प्लस किलोग्राम वेटलिफ्टिंग इवेंट में सिल्वर मेडल जीतने पर लवप्रीत सिंह पर गर्व है। उनका शानदार प्रदर्शन उनकी कड़ी मेहनत, जबरदस्त ताकत और पक्के इरादे की वजह से है। आगे की कोशिशों के लिए उन्हें बहुत-बहुत शुभकामनाएं।” रक्षा मंत्री ने सीमा की भी तारीफ की। उन्होंने लिखा, “कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में महिलाओं के डिस्कस थ्रो में 58.65 मीटर के बेस्ट प्रयास के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर सीमा कालीरमन को बधाई। उनकी शानदार जीत उनके साहस, पक्के इरादे और हिम्मत का सबूत है। उनके आगे के प्रयासों के लिए उन्हें शुभकामनाएं।”

– खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने लवप्रीत के 388 किलोग्राम के कुल भार उठाने और सीमा के 58.65 मीटर के थ्रो की सराहना की। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, “कॉमनवेल्थ गेम्स में पुरुषों के 110 प्लस किलोग्राम वेटलिफ्टिंग इवेंट में कुल 388 किलोग्राम का भार उठाकर सिल्वर मेडल जीतने पर लवप्रीत सिंह को बधाई।” वहीं, खेल मंत्री ने सीमा को बधाई देते हुए लिखा, “एनसीओई पटियाला की एथलीट सीमा को कॉमनवेल्थ गेम्स में महिलाओं के डिस्कस थ्रो इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर बधाई।”

– दिल्ली मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सीमा को बधाई देते हुए कहा कि उनकी लगन और अनुशासन से मिली यह सफलता देश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने लिखा, “ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में महिलाओं के डिस्कस थ्रो में ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर सीमा कालीरमन को बहुत-बहुत बधाई। लगन, अनुशासन और पक्के इरादे से मिली यह शानदार कामयाबी। आप ग्लोबल स्टेज पर ऐसे ही चमकती रहें और भारत के लिए और भी कई यादगार पल बनाएं।”

भारतीय एथलीटों के इन प्रदर्शनों ने कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत की पदक तालिका को मजबूती दी है। लवप्रीत और सीमा दोनों की उपलब्धि युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी है।