प्रमुख खबरें

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ऐतिहासिक यात्रा पर मोल्दोवा पहुंचीं, उपप्रधानमंत्री पोपसोई ने किया स्वागत

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ऐतिहासिक यात्रा पर मोल्दोवा पहुंचीं, उपप्रधानमंत्री पोपसोई ने किया स्वागत
  • PublishedJuly 20, 2026

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु सोमवार को मोल्दोवा, नॉर्थ मेसेडोनिया और रोमानिया के अपने दौरे के पहले पड़ाव पर चिसीनाउ पहुंचीं। यह किसी भारतीय राष्ट्रपति का मोल्दोवा का पहला राजकीय दौरा है, जिसे दोनों देशों के बीच संबंधों में ऐतिहासिक मील का पत्थर माना जा रहा है।

मोल्दोवा की राजधानी चिसीनाउ स्थित अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उपप्रधानमंत्री और विदेश मंत्री मिहाई पोपसोई ने राष्ट्रपति मुर्मु का गर्मजोशी से स्वागत किया। राष्ट्रपति सचिवालय ने एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। राष्ट्रपति मुर्मु मोल्दोवा की राष्ट्रपति मैया सैंडू के निमंत्रण पर तीन देशों के दौरे के पहले चरण में चिसीनाउ पहुंची हैं।

कार्यक्रम और महत्व

दौरे के दौरान राष्ट्रपति मुर्मु अपने समकक्ष राष्ट्रपति मैया सैंडू से द्विपक्षीय वार्ता करेंगी। वे मोल्दोवा की संसद के अध्यक्ष इगोर ग्रोसु और मोल्दोवा-भारत संसदीय मैत्री समूह के सदस्यों से भी मुलाकात करेंगी। इसके अलावा वे एक बिजनेस फोरम को संबोधित करेंगी और भारतीय समुदाय से रू-ब-रू होंगी।

विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत और मोल्दोवा के बीच अच्छे व मैत्रीपूर्ण संबंध हैं। यह दौरा दोनों देशों के संबंधों को नई ऊंचाई देने और बड़ी साझेदारी स्थापित करने का अवसर प्रदान करेगा। कृषि, स्वास्थ्य, फार्मास्यूटिकल्स, आईटी, शिक्षा, नवीकरणीय ऊर्जा, डिजिटल प्रौद्योगिकी और नवाचार जैसे क्षेत्रों में सहयोग की अच्छी संभावनाएं हैं।

विदेश मंत्रालय के सचिव (पश्चिम) सिबी जॉर्ज ने कहा कि यह यात्रा व्यापार, निवेश और लोगों के बीच संपर्क को बढ़ावा देने में मददगार साबित होगी। मोल्दोवा राष्ट्रपति मुर्मु की तीन देशों (मोल्दोवा, नॉर्थ मेसेडोनिया और रोमानिया) की यात्रा का पहला पड़ाव है। इसके बाद वह उच्च-स्तरीय बैठकों के लिए नॉर्थ मेसेडोनिया और रोमानिया जाएंगी। इस दौरे को भारत की पूर्वी यूरोपीय कूटनीति को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।