प्रमुख खबरें

जेपी नड्डा ने केरल के स्वास्थ्य मंत्री के. मुरलीधरन के साथ वर्चुअल समीक्षा बैठक की

जेपी नड्डा ने केरल के स्वास्थ्य मंत्री के. मुरलीधरन के साथ वर्चुअल समीक्षा बैठक की
  • PublishedJuly 7, 2026

केंद्र और राज्यों के बीच स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने आज मंगलवार को केरल के स्वास्थ्य मंत्री के. मुरलीधरन के साथ वर्चुअल समीक्षा बैठक की। बैठक में राज्य में चल रही प्रमुख स्वास्थ्य योजनाओं और जनस्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति का विस्तृत आकलन किया गया।

केंद्रीय मंत्री नड्डा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में टीबी मुक्त भारत अभियान, फ्री ड्रग्स सर्विस इनिशिएटिव, फ्री डायग्नोस्टिक सर्विस इनिशिएटिव, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत स्वास्थ्य मानव संसाधन, चिकित्सा शिक्षा, दवा नियमन तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक जैसे प्रमुख विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने, आवश्यक दवाओं और जांच सुविधाओं तक लोगों की पहुंच आसान बनाने, स्वास्थ्य अवसंरचना और मानव संसाधन को सुदृढ़ करने, चिकित्सा शिक्षा को मजबूत करने, दवाओं और ब्लड बैंकों की नियामकीय व्यवस्था को और प्रभावी बनाने तथा खाद्य सुरक्षा प्रणाली को सशक्त करने पर विशेष जोर दिया गया।

वहीं, केरल के स्वास्थ्य मंत्री के. मुरलीधरन ने राज्य में विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी देते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए उठाए गए कदमों से केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया। उन्होंने कुछ चुनौतियों और उन क्षेत्रों का भी उल्लेख किया, जहां केंद्र सरकार के सहयोग की आवश्यकता है। साथ ही राष्ट्रीय स्वास्थ्य लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए केंद्र के साथ निरंतर समन्वय की प्रतिबद्धता दोहराई।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए केरल सरकार के प्रयासों की सराहना की और राज्य के स्वास्थ्य तंत्र को और मजबूत बनाने के लिए केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य परिणाम सुनिश्चित करने के लिए केंद्र और राज्यों के बीच सतत सहयोग और समन्वय आवश्यक है।

बैठक के अंत में दोनों पक्षों ने जनस्वास्थ्य प्रणाली को और सुदृढ़ बनाने तथा सभी नागरिकों को सुलभ, किफायती, समान और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए मिलकर काम करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।