प्रमुख खबरें

पीएम मोदी ने विक्टोरिया में अरुल मिहु नवशक्ति विनायक मंदिर में पूजा-अर्चना की

पीएम मोदी ने विक्टोरिया में अरुल मिहु नवशक्ति विनायक मंदिर में पूजा-अर्चना की
  • PublishedJune 29, 2026

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को सेशेल्स के विक्टोरिया में अरुल मिहु नवशक्ति विनायक मंदिर का दौरा किया और पूजा-अर्चना की। पीएम मोदी
का मंदिर के बाहर भारतीय प्रवासी सदस्यों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

यह द्वीप-समूह का एकमात्र तमिल हिंदू मंदिर है और भारतीय समुदाय की लंबे समय से चली आ रही मौजूदगी का प्रतीक है। भगवान विनायक (गणेश) को समर्पित यह मंदिर अपनी शानदार द्रविड़ वास्तुकला और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के लिए मशहूर है।

सेशेल्स में एक खास पहचान रखने वाला यह मंदिर भारत और सेशेल्स के बीच लोगों के आपसी और सांस्कृतिक गहरे संबंधों को दर्शाता है।

पीएम मोदी ने विक्टोरिया के पीस पार्क में महात्मा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने सेशेल्स में भारतीय समुदाय के लोगों से भी बातचीत की।

सेशेल्स के राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के निमंत्रण पर प्रधानमंत्री मोदी तीन दिवसीय राजकीय यात्रा पर शनिवार को सेशेल्स पहुंचे थे। सेशेल्स की स्वतंत्रता की 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित समारोह में रविवार को पीएम मोदी अतिथि के रूप में शामिल हुए। पीएम मोदी सेशेल्स के स्वतंत्रता दिवस समारोह में भाग लेने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री हैं।

इस वर्ष सेशेल्स अपनी स्वतंत्रता की 50वीं वर्षगांठ मना रहा है और यह भारत और सेशेल्स के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना की भी 50वीं वर्षगांठ है। इन विशेष अवसरों को यादगार बनाने के लिए, भारतीय सशस्त्र बलों की टुकड़ियों ने सेशेल्स की स्वतंत्रता की स्वर्ण जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित राष्ट्रीय परेड में भाग लिया।

भारतीय टुकड़ी में असम राइफल्स, भारतीय नौसेना और भारतीय नौसेना की मार्चिंग बैंड के जवान शामिल थे, जो दोनों देशों के बीच दीर्घकालिक रक्षा साझेदारी को दर्शाते हैं। समारोह के अंतर्गत और स्थापित परंपरा के अनुरूप, भारतीय नौसेना के जहाज तरकश और इक्षक पोर्ट विक्टोरिया पर पहुंचे।

समारोह में प्रधानमंत्री मोदी की भागीदारी दोनों देशों के बीच गहरी साझेदारी और दीर्घकालिक मित्रता को दर्शाती है।

पीएम मोदी सेशेल्स की तीन दिवसीय यात्रा के बाद सोमवार को स्वदेश के लिए रवाना हो गए।