प्रमुख खबरें

पीयूष गोयल ने किसानों और कृषि निर्यात को लेकर अहम बैठक की

पीयूष गोयल ने किसानों और कृषि निर्यात को लेकर अहम बैठक की
  • PublishedMay 8, 2026

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने गुरुवार को किसानों के जीवन स्तर में सुधार, वैश्विक कृषि क्षेत्र में भारत की स्थिति मजबूत करने और अफ्रीकी देशों के साथ कृषि सहयोग बढ़ाने को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता की।

पीयूष गोयल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि उनकी मुलाकात इंडियन चैंबर ऑफ फूड एंड एग्रीकल्चर के चेयरमैन एमजे खान के साथ हुई। बैठक में किसानों के कल्याण, भारत की कृषि विशेषज्ञता को वैश्विक स्तर पर साझा करने और खाद्य सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए नए सहयोगी रास्तों पर चर्चा की गई।

उन्होंने कहा कि भारत और अफ्रीकी क्षेत्र के बीच कृषि सहयोग को और गहरा करने पर भी विचार-विमर्श हुआ, जिससे दीर्घकालिक खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

इसके अलावा, पीयूष गोयल ने भारतीय कृषि और मत्स्य उत्पादों के लिए वैश्विक बाजारों में सैनिटरी और फाइटोसैनिटरी (SPS) मंजूरी हासिल करने की रूपरेखा तैयार करने के लिए एक अलग बैठक भी की।

मंत्री ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य भारतीय कृषि और मत्स्य उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देना, किसानों और मछुआरों की आय में वृद्धि करना तथा फूड प्रोसेसिंग उद्योग को मजबूत बनाना है।

सैनिटरी और फाइटोसैनिटरी (SPS) मानक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खाद्य, पशु और पौधों की सुरक्षा एवं गुणवत्ता से जुड़े नियम हैं। इनका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना होता है कि आयातित कृषि और मत्स्य उत्पाद हानिकारक रसायनों, कीटों, बीमारियों और प्रदूषण से मुक्त हों।

सरकार का मानना है कि इन मानकों की मंजूरी मिलने से भारतीय उत्पादों की वैश्विक बाजारों तक पहुंच आसान होगी और कृषि निर्यात को नई गति मिलेगी।