इस शहर में आग का तांडव! 170 इमारतें जलकर खाक

नई दिल्ली/टोक्यो, 19 नवंबर, 2025 : जापान (Japan) के ओइता (Oita) शहर में मंगलवार शाम को भीषण आग लग गई, जिसने देखते ही देखते 170 से ज्यादा इमारतों को जलाकर राख कर दिया। बता दे कि यह घटना मंगलवार शाम लगभग 5:40 बजे राजधानी टोक्यो (Tokyo) से करीब 770 किलोमीटर दूर सागानोसेकी (Saganoseki) जिले में हुई।
आग इतनी भयावह थी कि इस पर काबू पाना मुश्किल हो गया और रात भर की मशक्कत के बाद भी इसे पूरी तरह नहीं बुझाया जा सका। हालात बिगड़ते देख प्रधानमंत्री ताकाइची (Sanae Takaichi) ने मदद के लिए सैन्य हेलीकॉप्टर भेजे।
जंगल तक फैली लपटें, 175 लोग बेघर
स्थानीय मीडिया के अनुसार आग की लपटें रिहायशी इलाकों से निकलकर पास के पहाड़ी जंगलों तक फैल गईं। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में ऊंची-ऊंची लपटें और काले धुएं के गुबार देखे जा सकते हैं। आग से बचने के लिए लगभग 175 लोगों ने इमरजेंसी शेल्टर में शरण ली है।
