प्रमुख खबरें

लैंडिंग के वक्त ‘आग का गोला’ बना विमान! मंत्री समेत कई बड़े अधिकारी थे सवार

लैंडिंग के वक्त ‘आग का गोला’ बना विमान! मंत्री समेत कई बड़े अधिकारी थे सवार
  • PublishedNovember 18, 2025

नई दिल्ली/किंशासा, 17 नवंबर, 2025 : कांगो के कोलवेजी हवाई अड्डे पर सोमवार को एक दिल दहला देने वाला विमान हादसा हुआ। बता दे कि देश के खान मंत्री लुईस वाटम काबाम्बा और कई शीर्ष अधिकारियों को लेकर जा रहा एक विमान लैंडिंग के दौरान रनवे से फिसल गया।
रनवे पर उतरते ही विमान का पिछला हिस्सा अचानक आग का गोला बन गया, जिससे वहां अफरातफरी मच गई। गनीमत रही कि इतनी भयानक दुर्घटना के बावजूद मंत्री और सभी यात्री समय रहते सुरक्षित बाहर निकल गए।

लैंडिंग गियर टूटा और लग गई आग

रिपोर्टों के मुताबिक यह विमान किंशासा से लुआलाबा प्रांत के लिए उड़ान भर रहा था। जैसे ही विमान ने रनवे 29 पर लैंड किया, वह पायलट के नियंत्रण से बाहर हो गया। लैंडिंग गियर टूटने की वजह से विमान रनवे से नीचे उतर गया और पलट गया, जिसके तुरंत बाद उसके पिछले हिस्से में भीषण आग लग गई।

सामने आए वीडियो में मजदूर और कर्मचारी आग बुझाने की कोशिश करते दिख रहे हैं, जबकि यात्री जान बचाने के लिए हड़बड़ी में विमान से बाहर भागते नजर आ रहे हैं।

खदान हादसे का दौरा करने जा रहे थे मंत्री

मंत्री के संचार सलाहकार इसहाक न्येम्बो ने पुष्टि की है कि इस हादसे में किसी भी यात्री या क्रू मेंबर को चोट नहीं आई है, हालांकि विमान पूरी तरह से जलकर खाक हो गया है। बता दें कि खान मंत्री उस कालोंडो खदान का दौरा करने जा रहे थे, जहां हाल ही में भारी बारिश के कारण पुल ढहने से दर्जनों श्रमिकों की मौत हो गई थी।

जांच के आदेश

प्रारंभिक जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यह हादसा किसी तकनीकी खराबी से हुआ या फिर रनवे की खराब स्थिति इसके लिए जिम्मेदार थी। इस घटना ने विमानन सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।