ब्लास्ट’ की आवाज से दहला दिल्ली का ‘महिपालपुर’! मचा हड़कंप, जानें पूरी सच्चाई?

नई दिल्ली, 13 नवंबर, 2025 : दिल्ली में लाल किला ब्लास्ट के बाद जारी हाई अलर्ट के बीच, आज सुबह महिपालपुर (Mahipalpur) इलाके में एक “ब्लास्ट” की सूचना से हड़कंप मच गया। दिल्ली फायर सर्विसेज को सुबह करीब 9:18 बजे रेडिसन होटल के पास इस धमाके की कॉल मिली, जिसके बाद पुलिस और दमकल की गाड़ियां तुरंत मौके पर भेजी गईं।
पुलिस ने बताया कि एक कॉलर ने सूचना दी थी कि जब वह गुरुग्राम जा रहा था, तब उसे यह तेज आवाज सुनाई दी। फायर ब्रिगेड और पुलिस टीमों ने मौके पर पहुंचकर जांच की, लेकिन उन्हें किसी भी विस्फोट या नुकसान का कोई संकेत नहीं मिला।
इस मामले के बारे में जानकारी देते हुए फायर विभाग के एक अधिकारी ने कहा, “मौके पर स्थानीय पूछताछ के दौरान, एक गार्ड ने बताया कि धौला कुआं की ओर जा रही एक DTC बस का पिछला टायर फट गया था, जिससे यह तेज आवाज आई थी।” पुलिस ने बाद में पुष्टि की कि स्थिति सामान्य है और चिंता की कोई बात नहीं है। इस घटना में कोई हताहत या नुकसान नहीं हुआ है।
10 नवंबर के ब्लास्ट के बाद ‘हाई अलर्ट’ पर है दिल्ली
यह घटना ऐसे समय में हुई है जब 10 नवंबर को लाल किला के पास हुए कार ब्लास्ट के बाद से राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम हैं। उस आतंकी हमले में 12 लोगों की मौत हो गई थी। उस केस में, सुरक्षा बलों ने एक “ट्रांसनेशनल टेरर मॉड्यूल” का भंडाफोड़ करते हुए अब तक सात लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, कार चलाने वाला संदिग्ध डॉ. उमर था, जिसने फरीदाबाद में अपने साथियों (डॉ. मुजम्मिल और डॉ. आदिल) के पकड़े जाने के बाद कथित तौर पर खुद को उड़ा लिया था।
