PM मोदी ने Bihar में फूंका चुनावी बिगुल, पढ़ें भाषण की 10 बड़ी बातें

समस्तीपुर (बिहार), 24 अक्टूबर, 2025 : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 (Bihar Assembly Elections) की घोषणा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज (शुक्रवार) को एनडीए (NDA) के चुनावी अभियान का शंखनाद कर दिया है। पीएम मोदी अपनी पहली चुनावी जनसभा के लिए समस्तीपुर पहुंचे, लेकिन रैली से पहले वह सीधे ‘भारत रत्न’ कर्पूरी ठाकुर के गांव (Karpuri Gram) गए और उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की।
पीएम मोदी ने मंच से विपक्ष, खासकर आरजेडी (RJD) पर तीखा हमला बोला और नीतीश कुमार (Nitish Kumar) के नेतृत्व में बिहार में जीत के सारे रिकॉर्ड तोड़ने का दावा किया।
PM मोदी के भाषण की 10 प्रमुख बातें
1. कर्पूरी ठाकुर को याद किया: “मैं कर्पूरी ग्राम गया था, जननायक का स्मरण किया। यह उनका ही आशीर्वाद है कि आज मेरे जैसा पिछड़ा और गरीब परिवार का बेटा इस मंच पर है। हमारी सरकार जननायक को प्रेरणा पुंज मानती है।”
2. RJD पर ‘उपाधि चोरी’ का आरोप: विपक्ष पर प्रहार करते हुए पीएम ने कहा, “आपको (जनता को) ज्यादा पता है कि ये हजारों करोड़ों के घोटाले में जमानत (bail) पर हैं। जो जमानत पर हैं, वे ‘जननायक’ की उपाधि भी चोरी कर रहे हैं। इसे हम नहीं सहेंगे।”
3. NDA मतलब विकास की गारंटी: “महाराष्ट्र, हरियाणा, गुजरात, MP, UP और उत्तराखंड में हमें फिर से बहुमत मिला। गुजरात के सारे रिकॉर्ड टूट गए। यह उदाहरण बताते हैं कि NDA मतलब विकास की गारंटी।”
4. नीतीश के ‘सुशासन’ की तारीफ: “यह 2005 का अक्टूबर ही था, जब बिहार ने जंगलराज से मुक्ति पाई थी। नीतीश कुमार के नेतृत्व में सुशासन (good governance) शुरू हुआ… आज बिहार के हर कोने में विकास का काम हो रहा है। हम सुशासन को समृद्धि (prosperity) में बदल रहे हैं।”
5. कांग्रेस से 3 गुना ज्यादा पैसा दिया: “कांग्रेस के समय में जितना पैसा मिला था, उससे तीन गुना ज्यादा एनडीए सरकार ने बिहार के विकास को दिया है। जब तीन गुना पैसा आएगा तो विकास भी तीन गुना अधिक होगा।”
6. माओवाद की कमर तोड़ी: “डेढ़ दर्जन से अधिक जिले माओवाद (Maoism) से प्रभावित थे, निकलना मुश्किल था। 2014 में आपने अवसर दिया और मैंने संकल्प लिया कि मुक्ति दिलाऊंगा। आज संतोष के साथ कह सकता हूं, हमने माओवाद की कमर तोड़ दी है।”
7. मखाना और मछली पर फोकस: “यह मिथिला मखाना (Mithila Makhana) का क्षेत्र है। पहले यहां दूसरे राज्यों से मछली मंगानी पड़ती थी। 2014 के बाद हमने तस्वीर बदली। नीतीश सरकार का अभिनंदन है कि मछली उत्पादन दोगुना (double) हो गया है। आज हम दूसरों को भेज रहे हैं।”
8. OBC और EWS आरक्षण: “एनडीए ने ही SC/ST आरक्षण को आगे बढ़ाया। डॉक्टर की पढ़ाई के लिए गरीबों और पिछड़ों (OBC) को आरक्षण नहीं था, एनडीए सरकार ने ये प्रावधान किया। हमने सामान्य वर्ग (EWS) के गरीबों के लिए भी काम किया।”
9. ‘लठबंधन’ वालों से सावधान: “आज आपको आरजेडी और कांग्रेस की बदनीयत से सावधान करूंगा। ये ‘लठबंधन’ वाले जिससे चुनाव लड़वा रहे, उससे साफ है कि ये पुराना दिन (जंगलराज) लाना चाहते हैं। ये कट्टा, छर्रा, दोनाली की बात कर रहे हैं। घर से उठा लेने की धमकी दे रहे। हमें इनका डिब्बा गुल करना है।”
10. किसान सम्मान निधि: “पीएम किसान सम्मान निधि से हमने किसानों को पैसा भेजना शुरू किया। जंगलराज में ये पैसा आपके खाते में आते थे क्या? बीच में ही चोरी हो जाते थे। उनके पीएम (राजीव गांधी) कहते थे एक रुपये में से 15 पैसे मिलते हैं। आज पूरे पैसे मिल रहे।”
