Himachal Pradesh Rogi Mitra : सीएम सुक्खू बोले- 70 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों के लिए रोगी मित्र योजना ला रही सरकार

शिमला, 01 अक्टूबर 2025 : शिमला के रिज मैदान पर बुधवार को अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान खलीनी और विकासनगर की 60 से 80 वर्ष के आयु वर्ग की महिलाओं ने रैंप वॉक किया। उपस्थित सभी दर्शकों ने तालियों से बुजुर्गों का बढ़ाया। इसके अलावा स्वयं सहायता समूह चौपाल के सदस्यों ने चौपाल का पारंपरिक नृत्य भी प्रस्तुत किया। इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों को अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए मुख्यमंत्री की ओर से सम्मान दिया गया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि आने वाले समय में 70 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों के लिए रोगी मित्र योजना ला रहे हैं। रोगी मित्र लोगों के घर जाएंगे और उनकी बीमारियों की जानकारी लेंगे। अच्छा इलाज यहीं देंगे। थोड़ा सा इसमें सहयोग करें। हिमाचल प्रदेश में बुजुर्गों की उम्र में इजाफा हुआ है। बुजुर्गों के लिए सरकार आने वाले समय में कुछ न कुछ करेगी। सीएम सुक्खू ने कहा कि भ्रष्टाचार के चोर दरवाजे को बंद करके योजना लाई है। सबको सुविधाएं होंगी तो हिमाचल समृद्धशाली राज्य बनेगा।
सुक्खू ने कहा कि साक्षरता दर में हिमाचल पूरे हिंदुस्तान में पहले नंबर पर आया है। आंवला खाते हैं तो पहले खट्टा लगता है, बाद में मुंह मीठा हो जाता है। सीबीएसई से स्कूलों को जोड़ा गया है। उससे बदलाव आ रहा है। सीएम ने कहा कि पहले मेडिकल कॉलेजों को दुरुस्त किया जाएगा। एम्स की तर्ज पर आईजीएमसी में सुविधाएं दे रहे हैं। पहली रोबोटिक सर्जरी चमियाना अस्पताल में शुरू की गई है। ओल्ड पेंशन स्कीम भी बुजुर्गों के सम्मान के लिए दी गई। सीएम ने कहा कि आने वाले समय में हिमाचल के लोगों के आशीर्वाद की जरूरत है।
