मंत्री बलबीर सिंह का विपक्ष पर ‘महा-प्रहार’! बोले- ‘पंजाब को कंगला…’

चंडीगढ़, 29 सितंबर, 2025 : पंजाब विधानसभा के विशेष सत्र के आखिरी दिन, राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह (Balbir Singh) ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के ‘रंगला पंजाब’ मिशन को ‘कंगला पंजाब’ कहने पर विपक्ष को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि जो लोग मुख्यमंत्री भगवंत मान पर तंज कस रहे हैं, उन्हें पहले अपने गिरेबान में झांककर देखना चाहिए कि उन्होंने पंजाब के लिए क्या किया है।
डॉ. बलबीर सिंह ने सदन में जोरदार तरीके से अपनी बात रखते हुए कहा, “भगवंत मान पर तंज कसने वालों, पहले अपनी पीढ़ी के नीचे सोटा फेरो। आपने पंजाब के लिए क्या किया, यह तो बताओ? पंजाब को ‘कंगला’ आपने बनाया, हम तो इसे फिर से ‘रंगला’ बनाने निकले हैं।”
स्वास्थ्य विभाग के काम को सराहा
स्वास्थ्य मंत्री ने बाढ़ के दौरान अपने विभाग द्वारा किए गए कार्यों की प्रशंसा की:
1. ग्राउंड पर एक्टिव रहीं टीमें: उन्होंने कहा, “जैसे ही पंजाब में बाढ़ आई, हमारी स्वास्थ्य टीमें तुरंत जमीन पर उतरकर काम करने लगीं। हमारी टीमें पहले से ही एक्टिव थीं।”
2. 170 एम्बुलेंस ने की सेवा: “हमारे पास 170 एम्बुलेंस थीं, जिन्हें तुरंत बाढ़ प्रभावित इलाकों में भेजा गया। इन टीमों ने बड़े स्तर पर लोगों की सेवा की और जानें बचाईं।”
केंद्र सरकार पर भेदभाव का आरोप
डॉ. बलबीर सिंह ने केंद्र की मोदी सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इस मुश्किल समय में हमें मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ खड़ा होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया, “केंद्र की मोदी सरकार ने पंजाब के साथ भेदभाव किया है और बाढ़ राहत के लिए एक रुपया भी जारी नहीं किया।”
‘रंगला पंजाब’ को ‘कंगला पंजाब’ कहने वालों को जवाब
जो लोग ‘रंगला पंजाब’ को ‘कंगला पंजाब’ कह रहे हैं, उन्हें पहले अपने कार्यकाल को देखना चाहिए। उन्होंने पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके समय में सिर्फ घोटाले हुए, जबकि ‘आप’ सरकार पंजाब को फिर से खुशहाल बनाने के लिए काम कर रही है।
