पूर्व क्रिकेटर रॉबिन उथप्पा पहुंचे ED दफ्तर! गैरकानूनी Betting App मामले में पूछताछ जारी

नई दिल्ली, 22 सितंबर 2025 : पूर्व भारतीय क्रिकेटर रॉबिन उथप्पा सोमवार को प्रवर्तन निदेशालय (Enforcement Directorate-ED) के मुख्यालय पहुंचे, जहां उनसे अवैध बेटिंग एप (Betting App) से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग (Money Laundering) केस में पूछताछ की गई। यह मामला 1xBet नाम के ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से संबंधित है, जिसपर अवैध सट्टेबाजी गतिविधियों और करोड़ों रुपये की हेराफेरी के आरोप हैं।
उथप्पा से क्यों हो रही पूछताछ?
ईडी के अधिकारियों ने बताया कि उथप्पा को सोमवार सुबह 11 बजे पूछताछ के लिए बुलाया गया था। एजेंसी यह जानना चाहती है कि क्या उनका इस अवैध एप के प्रमोशन (Promotion) और एंडोर्समेंट (Endorsement) से कोई संबंध रहा है और इसके बदले उन्हें भुगतान किया गया या नहीं। पूछताछ धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत की जा रही है और उनके बयान इसी कानून के अंतर्गत दर्ज किए गए।
ईडी किन बातों की जांच कर रही है?
जांच एजेंसी क्रिकेटरों और हस्तियों से यह स्पष्ट करना चाहती है कि—
1. उन्हें इस कंपनी ने किन लोगों के ज़रिए संपर्क किया?
2. अनुबंध (Contract) और विज्ञापन के लिए किस तरह अप्रोच किया गया?
3. भुगतान किस माध्यम से हुआ—हवाला (Hawala) या बैंकिंग चैनल (Banking Channel)?
4. पैसे का स्थान—भारत या विदेश?
5. क्या उन्हें पता था कि भारत में ऑनलाइन बेटिंग (Online Betting) और गेमिंग अवैध है?
6. कंपनी के साथ हुए ईमेल, एग्रीमेंट या अन्य दस्तावेज़ जमा करवाने को कहा गया है।
रैना, धवन और अब युवराज पर भी जांच
इससे पहले इसी मामले में पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना और शिखर धवन से भी पूछताछ हो चुकी है। अब मंगलवार को इस केस में पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह को दिल्ली स्थित ईडी मुख्यालय में पेश होने का नोटिस दिया गया है।
1xBet क्या है और क्यों विवादों में?
1xBet पिछले 18 वर्षों से अंतरराष्ट्रीय बेटिंग इंडस्ट्री (Betting Industry) में सक्रिय है। इसकी वेबसाइट और मोबाइल एप करीब 70 भाषाओं में उपलब्ध है और उपयोगकर्ता हजारों खेलों पर सट्टा लगा सकते हैं। आरोप है कि इस प्लेटफॉर्म ने लाखों लोगों को धोखा देकर करोड़ों रुपये की ठगी (Fraud) की है और टैक्स चोरी में भी लिप्त रहा है।
ईडी की बड़ी कार्रवाई और सरकार का रुख
ईडी का मानना है कि इस तरह के अवैध बेटिंग एप्स न केवल धोखाधड़ी और टैक्स चोरी (Tax Evasion) को बढ़ावा देते हैं, बल्कि इनके जरिए बड़े पैमाने पर मनी लॉन्ड्रिंग (Money Laundering) भी की जा रही है। इसीलिए हाल के महीनों में कई बड़ी सेलिब्रिटीज़ और खिलाड़ियों से पूछताछ तेज कर दी गई है।
सरकार की ओर से ऑनलाइन बेटिंग और रियल मनी गेमिंग (Real Money Gaming) पर सख्ती जारी है। अकेले 2022 से जून 2025 तक सरकार ने 1,524 ऑनलाइन बेटिंग और जुआ प्लेटफॉर्म (Gambling Platform) को ब्लॉक करने का आदेश जारी किया।
