प्रमुख खबरें

AlNajah 2024: भारतीय सेना पांचवें भारत-ओमान संयुक्त सैन्य अभ्यास के लिए रवाना, दोनों देशों की संयुक्त सैन्य क्षमता होगी और मजबूत

AlNajah 2024: भारतीय सेना पांचवें भारत-ओमान संयुक्त सैन्य अभ्यास के लिए रवाना, दोनों देशों की संयुक्त सैन्य क्षमता होगी और मजबूत
  • PublishedSeptember 12, 2024

भारतीय सेना पांचवें भारत-ओमान संयुक्त सैन्य अभ्यास ‘अल नजाह’ के लिए रवाना हो गई है। यह अभ्यास 13 से 26 सितंबर 2024 तक ओमान के सलालाह में रबकूट प्रशिक्षण क्षेत्र में आयोजित होने वाला है।

60 कर्मियों वाली भारतीय सेना लेगी हिस्सा
अभ्यास के लिए कुल 60 कर्मियों वाली भारतीय सेना की टुकड़ी रवाना हुई है। इस टीम का प्रतिनिधित्व मैकेनाइज्ड इन्फैंट्री रेजिमेंट की एक बटालियन द्वारा अन्य अंगों एवं सेवाओं के कर्मियों के साथ किया जा रहा है। ओमान की शाही सेना की टुकड़ी में भी 60 कर्मी शामिल हैं, जिसका प्रतिनिधित्व फ्रंटियर फोर्स के सैनिकों द्वारा किया जाएगा।

आतंकवाद विरोधी अभियान जैसे कई अभ्यास शामिल
इस संयुक्त अभ्यास का उद्देश्य संयुक्त राष्ट्र चार्टर के अध्याय VII के तहत आतंकवाद विरोधी अभियान चलाने के लिए दोनों पक्षों की संयुक्त सैन्य क्षमता को बढ़ाना है। यह अभ्यास रेगिस्तानी वातावरण में संचालन पर केन्द्रित होगा।
अभ्यास के दौरान किए जाने वाले सामरिक अभ्यासों में संयुक्त योजना, घेरा और खोज अभियान, निर्मित क्षेत्र में लड़ाई, मोबाइल वाहन चेक पोस्ट की स्थापना, काउंटर ड्रोन और रूम इंटरवेंशन शामिल हैं। वास्तविक दुनिया के आतंकवाद विरोधी अभियानों का अनुकरण करने वाले संयुक्त क्षेत्र प्रशिक्षण अभ्यास की भी योजना बनाई गई है।

दोनों मित्र देशों के बीच द्विपक्षीय संबंध होंगे मजबूत
अभ्यास अल नजाह-V दोनों पक्षों को संयुक्त अभियानों के लिए रणनीति, तकनीकों और प्रक्रियाओं से संबंधित सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों का आदान-प्रदान करने की अनुमति देगा। यह अभ्यास दोनों सेनाओं के बीच सद्भावना और सौहार्द को बढ़ावा देगा। इसके अतिरिक्त, यह संयुक्त अभ्यास रक्षा सहयोग को मजबूत करेगा और दोनों मित्र देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और आगे बढ़ाएगा।

बता दें कि सैन्य अभ्यास ‘अल नजाह’ 2015 से भारत और ओमान के बीच बारी-बारी से द्विवार्षिक आधार पर आयोजित किया जाता है। इस अभ्यास का पिछला संस्करण राजस्थान के महाजन में आयोजित किया गया था।