प्रमुख खबरें

Colombia Earthquake: बढ़ता जा रहा मौत का आंकड़ा, अब तक 265 ने गंवाई जान, 496 अब भी लापता

Colombia Earthquake: बढ़ता जा रहा मौत का आंकड़ा, अब तक 265 ने गंवाई जान, 496 अब भी लापता
  • PublishedAugust 13, 2026

पश्चिमी कोलंबिया में सोमवार को आए 7.4 तीव्रता के भूकंप में मरने वालों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। राष्ट्रपति अबेलार्डो डे ला एस्प्रीएला ने बताया क‍ि इस विनाशकारी भूकंप में अब तक 265 लोगों की मौत दर्ज की गई है। वहीं 496 लोग अभी भी लापता हैं।

रूसी समाचार एजेंसी ‘टास’ की र‍िपोर्ट के अनुसार, राष्ट्रपति अबेलार्डो ने बताया क‍ि कोलंबिया के पश्चिमी हिस्से में आए भूकंप में मरने वालों की संख्या बढ़कर 265 हो गई है। 3,494 लोग घायल हुए हैं और लापता लोगों की संख्या बढ़कर 496 हो गई है। राष्ट्रपति के मुताबिक, इस आपदा में 11,347 घर पूरी तरह नष्ट हो गए हैं, जबकि 53,526 घरों को नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा 140 इमारतें ढह गई हैं। वहीं 179 स्वास्थ्य केंद्रों और चिकित्सा संस्थानों को भी संरचनात्मक नुकसान हुआ है।

समाचार एजेंसी ‘टास’ के अनुसार, दस अगस्त को चोको विभाग के सैन जोस देल पाल्मार शहर के पास 7.4 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसके बाद बड़े पैमाने पर तबाही हुई। राष्ट्रपति ने बताया क‍ि राहत और बचाव कार्य अभी भी जारी हैं, जबकि अधिकारियों की कोशिश है कि लापता लोगों का जल्द से जल्द पता लगाया जा सके। दुनियाभर के कई नेताओं ने कोलंबिया के लोगों के प्रति अपनी संवेदना और समर्थन व्यक्त किया है। यूरोपियन कमीशन की प्रेसिडेंट उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने हर संभव मदद की बात कही।

प्रेसिडेंट उर्सुला ने सोशल मीड‍िया प्‍लेटफॉर्म ‘एक्‍स’ पोस्‍ट में ल‍िखा, ”कोलंबिया में खोज और बचाव अभियान लगातार जारी हैं, और ऐसे समय में यूरोपीय संघ (ईयू) हर संभव तरीके से देश की मदद कर रहा है। सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों में रहने वाले लोगों की सहायता के लिए 20 लाख यूरो की मदद उपलब्ध कराई जा रही है।”

उन्‍होंने कहा क‍ि कोलंबिया की ओर से सिविल प्रोटेक्शन मैकेनिज्म सक्रिय किए जाने के बाद, यूरोपीय संघ स्थानीय जरूरतों के अनुसार सहायता पहुंचाने और उसे जमीनी आवश्यकताओं से मेल कराने के लिए काम कर रहा है। यही है यूरोपीय एकजुटता और सहयोग की भावना।