प्रमुख खबरें

असम में बाढ़ के हालात पर पीएम मोदी ने राज्य के सांसदों से मुलाक़ात की, बाढ़ की मौजूदा स्थिति पर चर्चा

असम में बाढ़ के हालात पर पीएम मोदी ने राज्य के सांसदों से मुलाक़ात की, बाढ़ की मौजूदा स्थिति पर चर्चा
  • PublishedJuly 28, 2026

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को असम के सांसदों से मुलाक़ात की और राज्य के विभिन्न हिस्सों में बाढ़ की मौजूदा स्थिति पर चर्चा की।

इसकी जानकारी देते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि उन्होंने लोगों की सुरक्षा और भलाई के लिए प्रार्थना की।

पीएम मोदी ने पोस्ट में कहा, “असम के सांसदों से मुलाकात की और राज्य के विभिन्न हिस्सों में बाढ़ की मौजूदा स्थिति पर चर्चा की। केंद्र सरकार प्रभावित लोगों की मदद के लिए असम सरकार के साथ मिलकर काम कर रही है। मैं सभी की सुरक्षा और भलाई के लिए प्रार्थना करता हूं।”

इस बीच, असम के शिवसागर ज़िले में बाढ़ से स्थिति और खराब हो गई है। नौजान गांव में बाढ़ का पानी घरों में घुस गया है और सड़कें डूब गई हैं, जिससे सैकड़ों परिवार रहने की जगह, खाने-पीने की चीज़ों और साफ़ पीने के पानी के लिए जूझ रहे हैं, हालांकि राहत कार्य तेज कर दिए गए हैं। वहीं, सोमवार को गांव की तस्वीरों में घर बाढ़ के पानी से घिरे हुए दिखे और लोग ज़रूरी सामान लेने के लिए पानी में डूबी सड़कों से होकर गुज़रते हुए नज़र आए।

असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) के अनुसार, मंगलवार को राज्य में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी रही। शिवसागर और चराइदेव समेत छह जिलों में 4.45 लाख से ज़्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। कुल 631 गांव पानी में डूबे हुए हैं, जबकि 184 कैंपों और वितरण केंद्रों के ज़रिए राहत कार्य जारी हैं, जहां लगभग 28,700 लोगों को आश्रय दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि अब तक किसी की मौत की खबर नहीं है, हालांकि प्रभावित जिलों में घरों, सड़कों, स्कूलों, खेती और पशुधन को भारी नुकसान पहुंचा है।