इबोला प्रकोप से निपटने के लिए भारत ने अफ्रीका को भेजी चिकित्सा सहायता

भारत ने अफ्रीका के कुछ हिस्सों में इबोला प्रकोप से निपटने के लिए अफ्रीका सेंटर्स फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन (अफ्रीका सीडीसी) को आपातकालीन चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई है। यह सहायता अफ्रीकी संघ आयोग के अनुरोध पर भेजी गई है।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, भारत की सहायता अफ्रीका सीडीसी की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार की गई है, ताकि इबोला के प्रकोप को नियंत्रित किया जा सके और सार्वजनिक स्वास्थ्य तैयारियों के साथ क्षेत्रीय प्रतिक्रिया क्षमता को मजबूत किया जा सके।
पहले चरण के तहत 24 मई 2026 को लगभग 2.5 टन चिकित्सा सामग्री युगांडा की राजधानी कंपाला भेजी गई थी। इसमें सुरक्षात्मक उपकरण, स्वास्थ्य निगरानी उपकरण, आवश्यक दवाएं और पोषण संबंधी सामग्री शामिल थीं।
इसके बाद अफ्रीका सीडीसी से विस्तृत मांग सूची प्राप्त होने पर भारत ने दूसरे चरण में 43 टन चिकित्सा सामग्री भेजी है। इस खेप में सुरक्षात्मक उपकरण, जांच एवं निगरानी यंत्र, नमूना परिवहन किट, संक्रमण रोकथाम सामग्री, दवाएं और पोषण संबंधी उत्पाद शामिल हैं।
दूसरी खेप 2 जून 2026 को कंपाला पहुंची, जहां इसे अफ्रीका सीडीसी को सौंपा जाएगा।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह सहायता अफ्रीकी देशों के साथ भारत की दीर्घकालिक साझेदारी और सार्वजनिक स्वास्थ्य चुनौतियों के समय सहयोग की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
भारत के दूतावास लगातार अफ्रीकी संघ आयोग और अफ़्रीका रोग नियंत्रण और रोकथाम केंद्र के साथ संपर्क में हैं, ताकि इबोला नियंत्रण प्रयासों को प्रभावी समर्थन दिया जा सके।
