प्रमुख खबरें

Delhi MCD Result : 12 वार्डों का फैसला आया सामने! AAP और BJP में किसकी हुई जीत? जानें नतीजे

Delhi MCD Result : 12 वार्डों का फैसला आया सामने! AAP और BJP में किसकी हुई जीत? जानें नतीजे
  • PublishedDecember 3, 2025

नई दिल्ली, 3 दिसंबर, 2025 : दिल्ली नगर निगम (MCD) के 12 वार्डों पर हुए उपचुनाव के नतीजे घोषित कर दिए गए हैं, जिसमें भारतीय जनता पार्टी (BJP) को दो सीटों का नुकसान झेलना पड़ा है। आज आए परिणामों में भाजपा ने 7 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपनी 3 सीटें बरकरार रखी हैं। इसके अलावा, कांग्रेस (Congress) और एक निर्दलीय उम्मीदवार ने 1-1 सीट जीतकर सबको चौंका दिया है। चुनाव से पहले इन 12 में से 9 सीटों पर भाजपा का कब्जा था, जो अब घटकर 7 रह गया है, जबकि आप के पास पहले भी तीन सीटें थीं।
शालीमार बाग में बड़ी जीत

सबसे चर्चित मुकाबला शालीमार बाग-बी वार्ड में था, जो मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) के विधायक बनने के बाद खाली हुआ था। यहां भाजपा की अनीता जैन ने आप की बबीता राणा को 10,000 से ज्यादा मतों के भारी अंतर से हराकर पार्टी का गढ़ बचा लिया।

वहीं, संगम विहार-ए में कांग्रेस के सुरेश चौधरी ने जीत दर्ज कर पार्टी को संजीवनी दी है। चांदनी महल से निर्दलीय प्रत्याशी मोहम्मद इमरान ने 4592 वोटों से जीत हासिल कर बड़ा उलटफेर किया।

किस वार्ड से कौन जीता? (विजेताओं की सूची)

1. द्वारका-बी: भाजपा की मनीषा देवी (9100 वोटों से जीतीं)

2. दिंचाऊं कला: भाजपा की रेखा रानी (5637 वोटों से जीतीं)

3. ग्रेटर कैलाश: भाजपा की अंजुम मॉडल (4165 वोटों से जीतीं)

4. विनोद नगर: भाजपा की सरला चौधरी (1769 वोटों से जीतीं)

5. चांदनी चौक: भाजपा के सुमन कुमार गुप्ता (1182 वोटों से जीते)

6. अशोक विहार: भाजपा की वीना असीजा (405 वोटों से जीतीं)

7. दक्षिण पुरी: आप के राम स्वरूप कनौजिया (2262 वोटों से जीते)

8. मुंडका: आप के अनिल (1577 वोटों से जीते)

9. नारायणा: आप के राजन अरोड़ा (148 वोटों से जीते)

कम मतदान ने बढ़ाई थी चिंता

गौरतलब है कि 30 नवंबर को हुए इन उपचुनावों में दिल्ली की जनता ने ज्यादा दिलचस्पी नहीं दिखाई थी। केवल 38.51% मतदान हुआ था, जो 2022 के एमसीडी चुनावों के 50.47% के मुकाबले बेहद कम था। कम वोटिंग और नतीजों में हुए उलटफेर ने राजनीतिक दलों को सोचने पर मजबूर कर दिया है। मतगणना के लिए 10 केंद्र बनाए गए थे, जहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।