प्रमुख खबरें

CM मान जापान दौरे पर! आज टोक्यो में सजेगा मंच, उद्योगपतियों से करेंगे मुलाकात

CM मान जापान दौरे पर! आज टोक्यो में सजेगा मंच, उद्योगपतियों से करेंगे मुलाकात
  • PublishedDecember 2, 2025

टोक्यो/चंडीगढ़, 2 दिसंबर, 2025 : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान (Bhagwant Mann) इस समय जापान दौरे पर है। इस दौरे दौरान CM मान राज्य में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने के मकसद से आज (मंगलवार) जापान की राजधानी टोक्यो (Tokyo) में दिग्गज उद्योगपतियों के साथ बैठकें करने जा रहे हैं।

सीएम मान अपने इस अहम दौरे की शुरुआत टोक्यो के गांधी पार्क में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करके करेंगे। इसके बाद वह जापान के शीर्ष निवेश संस्थानों और कॉर्पोरेट जगत की बड़ी हस्तियों से मुलाकात कर पंजाब में निवेश के अवसरों पर चर्चा करेंगे, ताकि राज्य की अर्थव्यवस्था को नई गति दी जा सके।

दिग्गज कंपनियों के साथ ‘बैक-टू-बैक’ मीटिंग्स

मुख्यमंत्री का आज का शेड्यूल बेहद व्यस्त रहने वाला है। वह ‘जापान बैंक फॉर इंटरनेशनल कोऑपरेशन’ (Japan Bank for International Cooperation) के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इसके अलावा, उनका मुख्य फोकस ऑटोमोबाइल सेक्टर पर रहेगा। सीएम मान आज ऐसन इंडस्ट्री (Aisan Industry), यामाहा मोटर (Yamaha Motor) और होंडा मोटर (Honda Motor) के प्रतिनिधियों के साथ बैक-टू-बैक बैठकें करेंगे, जिसमें पंजाब में इंडस्ट्रियल निवेश और सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा।

इंफ्रास्ट्रक्चर और तकनीक पर भी चर्चा

सिर्फ उद्योग ही नहीं, बल्कि पंजाब के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए भी सीएम मान सक्रिय हैं। वह जायका साउथ एशिया डिपार्टमेंट (JICA South Asia Department) के डायरेक्टर जनरल से मुलाकात कर इंफ्रास्ट्रक्चर (Infrastructure) और विकास परियोजनाओं (Development Projects) पर अहम चर्चा करेंगे। इसके साथ ही, वह फुजित्सु लिमिटेड (Fujitsu Ltd.) के उच्च अधिकारियों से भी मिलेंगे, जो आईटी और तकनीक के क्षेत्र में एक बड़ा नाम है।

जापान सरकार के मंत्री से करेंगे मुलाकात

इस दौरे को कूटनीतिक स्तर पर भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मुख्यमंत्री भगवंत मान जापान सरकार के उप-उद्योग मंत्री कोमोरी ताकुओ (Komori Takuo) से भी शिष्टाचार भेंट करेंगे। इस मुलाकात का उद्देश्य दोनों क्षेत्रों के बीच व्यापारिक और औद्योगिक रिश्तों को और मजबूत करना है। उम्मीद की जा रही है कि इस दौरे से पंजाब में बड़े पैमाने पर विदेशी निवेश आएगा और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।