Brampton में ‘दिल दहला देने वाला’ हादसा! घर में लगी आग से 4 लोगों की मौ*त, नवजात ने भी तोड़ा दम

ब्राम्पटन (कनाडा), 25 नवंबर, 2025 : कनाडा (Canada) के ब्राम्पटन (Brampton) शहर में एक घर में लगी भीषण आग ने हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया है। इस दर्दनाक हादसे में कुल 5 लोगों की जान चली गई है। मरने वालों में तीन महिलाएं, एक छोटा बच्चा और एक नवजात शिशु शामिल है। पील पुलिस (Peel Police) ने सोमवार को पुष्टि की है कि बनस वे (Banas Way) स्थित एक घर में यह दिल दहला देने वाला हादसा हुआ।
मलबे में मिले 4 शव
पुलिस ने बताया कि आग इतनी भयानक थी कि घर के अंदर मौजूद लोग फंस गए और बाहर नहीं निकल पाए। जांचकर्ताओं ने कई दिनों तक मलबे की छानबीन की, जिसके बाद वहां से तीन महिलाओं और एक छोटे बच्चे का शव बरामद किया गया।
खिड़की से कूदी गर्भवती मां, नहीं बचा नवजात
इस हादसे का सबसे दुखद पहलू यह है कि जान बचाने के लिए घर की दूसरी मंजिल की खिड़की से 4 लोग नीचे कूद गए थे। इनमें एक गर्भवती महिला, एक 5 साल का बच्चा और दो अन्य रिश्तेदार शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल गर्भवती महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने इमरजेंसी सर्जरी करके उसके बच्चे की डिलीवरी कराई, लेकिन अफसोस कि वह नवजात शिशु जिंदा नहीं बच सका। बाकी चारों घायलों का इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर है।
पिता काम पर थे, इसलिए बच गए
जुगराज सिंह (Jugraj Singh) इस पीड़ित परिवार के सदस्य हैं। हादसे के वक्त वह काम पर गए हुए थे, इसलिए उनकी जान बच गई। पुलिस ने बताया कि वह अब अस्पताल में अपने घायल परिवार के पास हैं।
बेसमेंट वाले सुरक्षित
राहत की बात यह रही कि इस घर के बेसमेंट में रहने वाले दो किरायेदार सुरक्षित बाहर निकल आए और उन्हें कोई नुकसान नहीं पहुंचा। पुलिस का कहना है कि अभी तक आग लगने के पीछे किसी साजिश या आपराधिक घटना के सबूत नहीं मिले हैं और मामले की जांच जारी है।
