Pakistan ने फिर की Afghanistan पर Airstrike, 9 बच्चों समेत 10 की मौ*त

काबुल/इस्लामाबाद, 25 नवंबर, 2025 : पड़ोसी देश पाकिस्तान (Pakistan) ने सोमवार रात अफगानिस्तान (Afghanistan) के तीन प्रांतों खोस्त (Khost), कुनार (Kunar) और पक्तिका (Paktika) में जोरदार हवाई हमले किए हैं। इन हमलों में भारी तबाही मची है, जिसमें खोस्त प्रांत में एक ही घर पर हुई बमबारी में 10 आम नागरिकों की मौत हो गई है। मरने वालों में 9 मासूम बच्चे और एक महिला शामिल है।
अफगानिस्तान में सत्तारूढ़ तालिबान (Taliban) ने इसे इस्तांबुल में हुए सीजफायर (Ceasefire) करार का उल्लंघन बताया है, जबकि पाकिस्तान की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
आधी रात को घर पर गिराए बम
तालिबान के प्रवक्ता जबीउल्लाह मुजाहिद ने बताया कि पाकिस्तानी विमानों ने रात करीब 12 बजे खोस्त प्रांत के मुगलगई इलाके में एक रिहायशी मकान को निशाना बनाया। इस दर्दनाक हमले में 5 लड़के, 4 लड़कियां और एक महिला मारी गईं। इसके अलावा, कुनार और पक्तिका प्रांतों में हुए हमलों और छापेमारी में चार अन्य नागरिक घायल हो गए हैं।
पेशावर हमले के बाद की कार्रवाई?
यह हवाई हमला ऐसे समय में किया गया है जब पाकिस्तान खुद गंभीर सुरक्षा चुनौतियों से जूझ रहा है। उसी शाम पाकिस्तान के पेशावर (Peshawar) शहर में फ्रंटियर कांस्टेबुलरी मुख्यालय (Frontier Constabulary HQ) पर एक आत्मघाती हमला (Suicide Attack) हुआ था। उस हमले में 3 कमांडो समेत 6 लोग मारे गए थे। हमलावर चादर ओढ़कर आया था और चौकी पर पहुंचते ही खुद को उड़ा लिया था। माना जा रहा है कि पाकिस्तान ने इसी के जवाब में सीमा पार यह कार्रवाई की है।
TTP और डूरंड लाइन बना विवाद की जड़
पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव (Tension) की मुख्य वजह तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) और डूरंड लाइन (Durand Line) है। पाकिस्तान का आरोप है कि अफगान सरकार टीटीपी को पनाह दे रही है और उन्हें पाकिस्तान में हमले करने दे रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अफगान सरकार टीटीपी को आतंकवादी नहीं बल्कि अपना वैचारिक साथी (Ideological Ally) मानती है, इसलिए उन पर सख्ती नहीं कर रही। वहीं, ब्रिटिश काल में खींची गई डूरंड लाइन को दोनों तरफ के पठान स्वीकार नहीं करते, जिससे सीमा विवाद लगातार गहराता जा रहा है।
