श्री दरबार साहिब के गलियारे, आनंदपुर साहिब और श्री दमदमा साहिब को मिलेगा पवित्र शहर का दर्जा, पंजाब विधानसभा ने प्रस्ताव किया पास

श्री आनंदपुर साहिब, 24 नवंबर, 2025 : पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान (Bhagwant Mann) ने रविवार को श्री आनंदपुर साहिब (Sri Anandpur Sahib) में चल रहे विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान एक बड़ा और ऐतिहासिक प्रस्ताव (Resolution) पेश किया है। सीएम मान ने सदन में मांग रखी कि अमृतसर (Amritsar) (दरबार साहिब गलियारा), श्री आनंदपुर साहिब और तलवंडी साबो (Talwandi Sabo) को आधिकारिक तौर पर ‘पवित्र शहर’ (Holy City) घोषित किया जाए। बता दे कि इसे पास कर दिया गया है। इस प्रस्ताव का मुख्य उद्देश्य इन ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों की पवित्रता और मर्यादा को बनाए रखना है।
मांस, शराब और तंबाकू पर लगेगा ‘पूर्ण प्रतिबंध’
मुख्यमंत्री द्वारा पेश किए गए प्रस्ताव में इन तीनों शहरों के लिए कड़े नियम बनाने की बात कही गई है। प्रस्ताव के मुताबिक, इन ‘पवित्र शहरों’ में मांस, शराब और तंबाकू की बिक्री और सेवन पर पूर्ण प्रतिबंध (Complete Ban) लगाया जाएगा। सरकार चाहती है कि गुरु की नगरी और तख्त साहिबों वाले इन शहरों में नशा और मांस पूरी तरह से वर्जित हो।
बनेगी ‘सर्व धर्म समिति’
सीएम मान ने प्रस्ताव में यह भी सुझाव दिया है कि इन तीनों शहरों में एक ‘सर्व धर्म समिति’ (Interfaith Committee) का गठन किया जाना चाहिए। इस समिति में सभी धर्मों के प्रतिनिधि शामिल होंगे, जो शहरों के धार्मिक और सामाजिक सौहार्द को बनाए रखने के लिए काम करेंगे।
केंद्र से मांगी जाएगी वित्तीय मदद
प्रस्ताव के अनुसार, पंजाब सरकार इन शहरों के सौंदर्यीकरण और विकास के लिए आवश्यक बजट (Budget) आवंटित करेगी। इसके साथ ही, केंद्र सरकार (Centre Government) से भी आग्रह किया जाएगा कि वह इन धार्मिक शहरों के विकास के लिए जरूरी वित्तीय सहायता प्रदान करे। मुख्यमंत्री के इस प्रस्ताव को पेश करने के बाद सदन में इस मुद्दे पर चर्चा शुरू हो गई है।
