प्रमुख खबरें

युवाओं के लिए ‘खुशखबरी’! RPF को लेकर रेल मंत्री ने किया बड़ा ऐलान

युवाओं के लिए ‘खुशखबरी’! RPF को लेकर रेल मंत्री ने किया बड़ा ऐलान
  • PublishedOctober 13, 2025

वलसाड (गुजरात), 13 अक्टूबर, 2025 : केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोमवार को कहा कि भारत में रेल व्यवस्था को करीब 50 से 60 वर्षों तक उपेक्षा झेलनी पड़ी, लेकिन अब रेलवे में हर स्तर पर ऐतिहासिक बदलाव हो रहा है। उन्होंने यह बात रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के 41वें स्थापना दिवस पर वलसाड में आयोजित एक कार्यक्रम में कही। उन्होंने कहा कि ट्रैक बिछाने से लेकर स्टेशन के नवीनीकरण और सुरक्षा तक, हर क्षेत्र में आधुनिक तकनीक और नई सुविधाएं जोड़ी जा रही हैं।
रिकॉर्ड स्तर पर हो रहा काम

रेल मंत्री ने बताया कि मोदी सरकार के कार्यकाल में रेलवे का अभूतपूर्व विकास हुआ है।

1. नए ट्रैक और विद्युतीकरण: पिछले 11 वर्षों में लगभग 35,000 किलोमीटर नए ट्रैक बिछाए गए हैं और 60,000 किलोमीटर ट्रैक का विद्युतीकरण (electrification) किया जा चुका है, जो एक विश्व रिकॉर्ड है।

2. स्टेशनों का पुनर्विकास: देश के 1,300 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है, जिनमें से 110 पर काम पूरा हो चुका है।

3. नई ट्रेनें और कोच: नमो भारत ट्रेनों का बड़े पैमाने पर उत्पादन शुरू होगा और मेनलाइन ईएमयू (EMU) ट्रेनों को भी जोड़ा जा रहा है। इसके अलावा, लगभग 3,500 जनरल कोच जोड़े गए हैं और 7,000 नए कोचों का निर्माण जारी है।

सुरक्षा और भर्ती पर बड़ा ऐलान

रेलवे की सुरक्षा और RPF में भर्ती को लेकर भी रेल मंत्री ने कई बड़े ऐलान किए।

1. कवच तकनीक: ट्रेन हादसों को रोकने वाली स्वदेशी तकनीक ‘कवच’ (ATP System) अब तक लगभग 1200 इंजनों में लगाई जा चुकी है।

2. RPF में हर साल भर्ती: वैष्णव ने घोषणा की कि अब RPF में भर्ती हर साल होगी। उन्होंने कहा, “अगर भर्ती में कई साल का गैप हो, तो उम्मीदवारों के लिए मौके सीमित हो जाते हैं। इसलिए अब SSC हर साल कांस्टेबल, सब-इंस्पेक्टर और इंस्पेक्टर की भर्ती करेगा।”

3. RPF के लिए नए उपकरण: RPF को जल्द ही आधुनिक VHF वॉकी-टॉकी सेट दिए जाएंगे, जिससे उनकी संचार क्षमता बढ़ेगी।

अश्विनी वैष्णव ने जोर देकर कहा कि रेलवे अब पूरी तरह से बदल रहा है और सरकार का लक्ष्य आम आदमी, खासकर गरीब और मध्यम वर्ग को बेहतर, सुरक्षित और सस्ती यात्रा सुविधा देना है।