Floods की जांच High Court का जज करे – Partap Bajwa की Vidhan Sabha Session शुरू होते ही मांग

चंडीगढ़, 26 सितंबर, 2025 : पंजाब विधानसभा के विशेष सत्र के पहले दिन नेता प्रतिपक्ष (Leader of Opposition) प्रताप सिंह बाजवा ने पंजाब में आए बाढ़ की जांच हाईकोर्ट के सिटिंग जज से कराने की मांग की। बाजवा ने कहा कि यह जांच तीन महीने के भीतर पूरी होनी चाहिए और जब तक जांच पूरी न हो, तब तक सिंचाई मंत्री और सिंचाई विभाग के सचिव को उनके पदों से निलंबित किया जाए।
बता दे कि पंजाब विधानसभा का दो-दिवसीय विशेष सत्र (Special Session) आज सुबह 11 बजे शुरू हुआ। सत्र की शुरुआत होते ही सदन में सबसे पहले हाल ही में दिवंगत हुईं प्रमुख हस्तियों को श्रद्धांजलि दी गई, जिसके बाद कार्यवाही को दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया गया।
इन हस्तियों को दी गई श्रद्धांजलि
सदन में जिन दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि दी गई, उनमें पूर्व मंत्री स. हरमेल सिंह टोहड़ा, पूर्व विधायक रघुबीर सिंह, प्रसिद्ध अभिनेता जसविंदर सिंह भल्ला और संगीतकार चरणजीत आहूजा शामिल थे। इसके अलावा, सेना के शहीद जवानों भानु प्रताप सिंह मनकोटिया, दलजीत सिंह, रिंकू सिंह, प्रितपाल सिंह और हरमिंदर सिंह को भी याद किया गया।
सदन में पंजाब में बाढ़ के दौरान जान गंवाने वाले आम नागरिकों और भाजपा नेता अश्वनी शर्मा के भाई श्री राम प्रसाद शर्मा के निधन पर भी गहरा दुख व्यक्त किया। इन सभी की आत्मा की शांति के लिए सदन में कुछ पल का मौन रखा गया।
हंगामे के आसार
यह विशेष सत्र मुख्य रूप से बाढ़ से हुई तबाही और राहत कार्यों पर चर्चा के लिए बुलाया गया है। सत्र की दूसरी बैठक 29 सितंबर को होगी। ऐसी प्रबल संभावना है कि 12 बजे के बाद जब कार्यवाही फिर से शुरू होगी, तो विपक्षी दल बाढ़ से हुए नुकसान, राहत कार्यों में देरी और मुआवजे जैसे मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की कोशिश करेंगे, जिससे सदन में हंगामे के आसार हैं।
