फाइनल में पहुंचने को 6 गेंद पर चाहिए थे 20 रन, रिंकू सिंह भी नहीं दिला सके जीत, कप्तान की एक गलती टीम को पड़ गई भारी

नई दिल्ली. रिंकू सिंह की टीम मेरठ मावरिक्स को यूपी टी20 लीग के पहले क्वालीफायर में हार का सामना करना पड़ा है.मेरठ का सामना काशी रुद्राक्ष से था. जहां उसे 5 रन के नजदीकी अंतर से हार मिली. लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी एकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मैच में रिंकू सिंह ने अंत तक संघर्ष किया लेकिन वो अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके. मेरठ को आखिरी ओवर में जीत के लिए 20 रन की जरूरत थी.तब रिंकू भी क्रीज पर थे. लेकिन रिंकू इस दौरान ऐसी गलती कर बैठे जिससे उनकी टीम को हार झेलने पर मजबूर होना पड़ा.
रिंकू सिंह (Rinku Singh) ने इस मैच में तेज पारी खेली, लेकिन वह अपनी टीम को जीत की मंजिल पर नहीं पहुंचा सके. मेरठ मावरिक्स के सामने 167 रन का टारगेट था. लेकिन टीम की शुरुआत खास नहीं रही. मेरठ ने तीन रन के स्कोर पर अपना पहला विकेट गंवा दिया.स्वास्तिक चिकारा ने 32 गेंदों पर 25 रन की पारी खेली. ऋतुराज शर्मा ने 65 रन की पारी खेली जरूर लेकिन उन्हें दूसरे छोर से साथ नहीं मिला. बाएं हाथ के बल्लेबाज रिंकू सिंह को बल्लेबाजी का मौका उस समय मिला जब उनकी टीम 100 रन पर अपना तीन विकेट गंवा चुकी थी. 13.4 ओवर का खेल खत्म होने के बाद रिंकू ने क्रीज पर कदम पर रखा.
