शमी से लेकर अर्शदीप तक… Duleep Trophy में उतरेंगी 6 टीमें और 90 खिलाड़ी, जानें पूरा शेड्यूल, Live Streaming

नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट का घरेलू सीजन शुरू होने में अब चंद घंटे का वक्त बाकी है. 2025-26 सीजन का पहला टूर्नामेंट दलीप ट्रॉफी गुरुवार से खेला जाएगा. छह देशों के इस टूर्नामेंट के लिए तकरीबन 90 खिलाड़ी चुने गए हैं. इनमें श्रेयस अय्यर, सरफराज खान, अभिमन्यु ईश्वरन जैसे बैटर से लेकर मोहम्मद शमी, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह जैसे गेंदबाज शामिल हैं. इस बार टूर्नामेंट की पुराने फॉर्मेट में वापसी हुई है. दलीप ट्रॉफी के मैचों की लाइव स्ट्रीमिंग JioHotstar एप पर होगी.
दलीप ट्रॉफी भारतीय क्रिकेट का सबसे पुराना और प्रतिष्ठित टूर्नामेंट है. फर्स्ट क्लास फॉर्मेट में खेला जाने वाले टूर्नामेंट में पिछले साल 4 टीमें खेली थीं, जो बहुत पॉपुलर नहीं हो पाया. इसके बाद बीसीसीआई ने इसे पुराने फॉर्मेट में कराने का निर्णय लिया. इस बार इसमें छह टीमें जोन के आधार पर खेलेंगी. पिछले साल की फाइनलिस्ट टीमों वेस्ट जोन और साउथ जोन को इस बार सेमीफाइनल में सीधे एंट्री दी गई है, जो 4 सितंबर से खेले जाएंगे. इससे पहले 28 अगस्त से टूर्नामेंट के 2 क्वार्टर फाइनल होंगे. पहले क्वार्टर फाइनल में ईस्ट और नॉर्थ जोन का मुकाबला होगा. दूसरे क्वार्टर फाइनल में सेंट्रल जोन और नॉर्थईस्ट जोन का मैच होगा. कुल मिलाकर इस टूर्नामेंट में 5 मैच खेले जाएंगे. इसका फाइनल 11 सितंबर से खेला जाएगा.
